Imran Khan: इमरान खान पर पाकिस्तानी पत्रकार के दावे से हड़कंप! जानिए अडियाला जेल में क्या चल रहा है

Imran Khan Death Rumours: इस दावे के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इमरान खान की पार्टी PTI में भारी आक्रोश फैल गया है। इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें £190 मिलियन के अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई है। दावों के मुताबिक, इमरान खान की आंखों की 85% रोशनी चली गई है

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 3:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कई हफ्तों से इमरान खान की बहनों, वकीलों और डॉक्टरों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है

Imran Khan Adiala Jail: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को लेकर एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। अमेरिका में रहने वाले चर्चित पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने दावा किया है कि रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर के तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को आशंका है कि 73 वर्षीय इमरान खान अब जीवित नहीं हैं और अडियाला जेल में उनकी मौत हो चुकी है।

हालांकि, इस दावे की कोई आधिकारिक या स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बावजूद इसके, इस खबर ने पूरे पाकिस्तान में राजनीतिक भूचाल ला दिया है और इमरान खान के स्वास्थ्य व सुरक्षा को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं।

क्या कहा पत्रकार वजाहत सईद ने?


पत्रकार वजाहत सईद खान ने 10 अगस्त 2026 को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर यह दावा किया। उनके अनुसार, 'उन्होंने रावलपिंडी स्थित सेना के जनरल हेडक्वार्टर (GHQ) में तैनात तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से अलग-अलग बात की है। इन अधिकारियों का व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि 'इमरान खान अब हमारे बीच नहीं रहे।'

वजाहत के मुताबिक, अधिकारियों का मानना है कि यही वजह है कि सेना और थल सेनाध्यक्ष आसिम मुनीर उन्हें दुनिया और अपने समर्थकों से पूरी तरह दूर रख रहे हैं। वजाहत ने खुद स्वीकार किया कि इन अधिकारियों ने अपनी आंखों से कुछ नहीं देखा है, बल्कि केवल सुनी-सुनाई बातें कही हैं। इसलिए इस खबर की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

PTI का कड़ा रुख: 'ब्लैकआउट खत्म करो, सबूत दो'

इस दावे के वायरल होते ही इमरान खान की पार्टी PTI में भारी आक्रोश फैल गया है। पार्टी के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान पर तीखा हमला बोला।

PTI के लीडर शेख वकास अकरम ने कहा, 'इमरान खान की जिंदगी कोई अफवाहों का खेल नहीं है। उन्हें लगातार आइसोलेशन में रखकर ऐसी अफवाहें फैलाना बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना है। सरकार तुरंत ब्लैकआउट खत्म करे, उनकी सुरक्षा का सबूत दे और उनके डॉक्टरों, वकीलों व बहनों को उनसे मिलने की इजाजत दे।'

अडियाला जेल में इमरान खान से मिलने पर क्यों है पाबंदी?

इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें £190 मिलियन के अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई है। पिछले कई हफ्तों से इमरान खान की बहनों, वकीलों और डॉक्टरों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, वकीलों ने दावा किया था कि जेल में लंबे समय से एकांत कारावास के कारण इमरान खान की आंखों की 85% रोशनी प्रभावित हुई है।

अमेरिका के 13 सांसदों के एक समूह ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र लिखकर पाकिस्तान सरकार से इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की जेल स्थितियों और मानवाधिकारों पर सीधे बात करने का आग्रह किया है।

20 लाख समर्थकों के साथ 'इस्लामाबाद मार्च' की चेतावनी

इमरान खान से मुलाकात न होने पर खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री और पीटीआई नेता सोहेल अफरीदी ने पाकिस्तान सरकार को सीधी चेतावनी दी है। पीटीआई सांसदों ने गुरुवार, 13 अगस्त को अडियाला जेल जाकर इमरान खान से मिलने का ऐलान किया है। अगर उन्हें मिलने नहीं दिया गया, तो वे पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर देंगे। सोहेल अफरीदी ने चेतावनी दी है कि 27 सितंबर को 20 लाख से अधिक लोग इस्लामाबाद की ओर मार्च करेंगे और पूरे पाकिस्तान को 'डी-चौक' में बदल देंगे।

क्या है इस खबर का सच?

फिलहाल इस बात का कोई स्वतंत्र प्रमाण नहीं है कि इमरान खान को कोई नुकसान पहुंचा है या उनकी मौत हुई है। लेकिन पाकिस्तान सरकार और जेल प्रशासन द्वारा उन्हें किसी से न मिलने देना और उनकी सेहत पर कोई मेडिकल बुलेटिन जारी न करना ही इन भयानक अफवाहों को हवा दे रहा है।

Disclaimer: यह रिपोर्ट पाकिस्तानी पत्रकार के दावे और पीटीआई के आधिकारिक बयानों पर आधारित है। पाकिस्तानी अधिकारियों या जेल प्रशासन की ओर से नई स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।