Imran Khan Health Update: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर एक चिंताजनक दावा सामने आया है। उनकी बहन अलीमा खान ने आरोप लगाया है कि जेल में बंद इमरान खान की आंखों की रोशनी गंभीर खतरे में है। अलीमा के अनुसार, एक आंख में आई जटिलताओं के बाद अब दूसरी आंख के भी प्रभावित होने का जोखिम पैदा हो गया है। उन्होंने मांग की है कि इमरान खान को उनके परिवार की मौजूदगी में तुरंत शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल शिफ्ट किया जाए।
इंजेक्शन के असर पर उठे सवाल
अलीमा खान ने इमरान खान की गिरती सेहत को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अलीमा खान का दावा है कि इंजेक्शन लगने के बाद जो शुरुआती सुधार दिखा था, वह अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि इमरान की स्थिति 'दिन-ब-दिन' खराब होती जा रही है। अलीमा ने जेल अधिकारियों पर उनकी सेहत को लेकर 'भ्रामक जानकारी' फैलाने का आरोप लगाया है।
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के अनुसार इमरान खान का इलाज प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। इमरान खान को 'राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन' (CRVO) के उपचार के लिए चौथा 'इंट्राविट्रियल एंटी-VEGF' इंजेक्शन दिया गया है। अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक, 28 अप्रैल को हुई इस प्रक्रिया के दौरान 74 वर्षीय इमरान खान पूरी तरह स्थिर थे। अस्पताल का कहना है कि मेडिकल इमेजिंग में सुधार देखा गया और उन्हें फॉलो-अप सलाह के साथ डिस्चार्ज कर दिया गया।
निजी डॉक्टरों से इलाज की मांग कर रही PTI
इमरान खान की पार्टी (PTI) ने सरकारी बयानों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पीटीआई ने सुधार के सरकारी दावों को नकारते हुए पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है। चेयरमैन गोहर अली खान ने मांग की है कि इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को उनके निजी डॉक्टरों से इलाज की अनुमति दी जाए। विपक्षी गठबंधन ने इमरान को इलाज के लिए ले जाने के तरीके को संवैधानिक और मानवाधिकारों का उल्लंघन करार दिया है।
क्या है CRVO जिससे आंखों की रोशनी है खतरे में?
मेडिकल जानकारी के अनुसार, इमरान खान की दाहिनी आंख की नस में रुकावट है। इसे 'राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन'(CRVO) कहा जाता है। पीटीआई ने रिपोर्ट दी है कि उनकी रोशनी लगातार कमजोर हो रही है और शारीरिक कमजोरी बढ़ रही है। अलीमा खान का कहना है कि स्थिति बेहद नाजुक है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।