भारतीय पासपोर्ट की ताकत में एक पायदान का इजाफा हुआ है, लेकिन वीजा-फ्री देशों की लिस्ट छोटी हो गई है। Henley Passport Index की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट में भारत 84वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल अक्टूबर में भारत 85वें नंबर पर था। हालांकि वीजा-फ्री डेस्टिनेशन की संख्या 57 से घटकर 55 रह गई है। इसका सीधा असर विंटर हॉलिडे और टूरिज्म सेक्टर पर दिखने लगा है।
Henley & Partners की ओर से जारी इस इंडेक्स में 199 पासपोर्ट को 227 डेस्टिनेशन के आधार पर रैंक किया जाता है। डेटा इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) से लिया गया है।
55 देशों की लिस्ट में थाईलैंड-मॉरीशस शामिल
रिपोर्ट के मुताबिक, इस लिस्ट में भूटान, मलेशिया, मॉरीशस, नेपाल, थाईलैंड और मालदीव जैसे पॉपुलर डेस्टिनेशन शामिल हैं। पूरी लिस्ट में अंगोला, बारबाडोस, भूटान, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, बुरुंडी, कंबोडिया, कोमोरो आइलैंड्स, जिबूती, डोमिनिका, इथियोपिया, फिजी, ग्रेनेडा, गिनी-बिसाऊ, हैती, इंडोनेशिया, जमैका, जॉर्डन, कजाकिस्तान, केन्या, किरिबाती, लाओस, मकाओ, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मार्शल आइलैंड्स, मॉरीशस, माइक्रोनेशिया, मंगोलिया, मोंटसेराट, मोजाम्बिक, म्यांमार, नेपाल, नियू, पलाऊ, फिलीपींस, कतर, रवांडा, समोआ, सेनेगल, सेशेल्स, सिएरा लियोन, श्रीलंका, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, तंजानिया, थाईलैंड, गाम्बिया, तिमोर-लेस्ते, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, तुवालु, वानुअतु और जिम्बाब्वे समेत 55 देश हैं।
टूरिज्म कारोबार को बूस्टर डोज की उम्मीद
ट्रैवल एसोसिएशन के मुताबिक, थाईलैंड और मलेशिया जैसे वीजा-फ्री देशों में दिवाली और क्रिसमस सीजन की एडवांस बुकिंग 20-25% बढ़ने की उम्मीद है। पिछले साल लंबी वीजा प्रक्रिया के कारण बुकिंग 30% तक कम रही थी। इस बार अर्ली विंटर हॉलिडे के चलते डिमांड तेज हुई है।
पासपोर्ट रैंकिंग में उतार-चढ़ाव जारी
2026 में भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया। साल की शुरुआत में जनवरी में 80वां स्थान, फरवरी में छलांग लगाकर 75वां, जुलाई में गिरकर 81वां और अब अक्टूबर में 84वें नंबर पर पहुंच गया है।ट्रैवल एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले एक रैंक का सुधार हुआ है, लेकिन वीजा-फ्री एक्सेस घटने से ट्रैवल फ्रीडम कम हुई है। यानी रैंकिंग सुधरने से विदेश यात्रा आसान नहीं हुई है।