भारतीय कैप्टन ने नाकाम की 9/11 जैसी साजिश! खून से लथपथ हो गए पर फ्लाइदुबई फ्लाइट को क्रैश कराने जा रहे को-पायलट को ऐसे रोका
हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक यात्री विमान में अचानक कुछ ऐसा हुआ, जिससे करीब 180 यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। दरअसल, फ्लाईदुबई के एक पायलट ने अपने को-पायलट को विमान क्रैश करने से रोककर कथित तौर पर एक बड़े हादसे को टाल दिया।
भारतीय कैप्टन ने नाकाम की 9/11 जैसी साजिश! फ्लाइदुबई फ्लाइट को क्रैश कराने जा रहे को-पायलट को ऐसे रोका
हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक यात्री विमान में अचानक कुछ ऐसा हुआ, जिससे करीब 180 यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। दरअसल, फ्लाईदुबई के एक पायलट ने अपने को-पायलट को विमान क्रैश करने से रोककर कथित तौर पर एक बड़े हादसे को टाल दिया। CNN-News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विमान के कैप्टन स्मिथ मच्छर भारतीय मूल के हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ओमान मूल के को-पायलट ने कथित तौर पर विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने और उसे क्रैश करने की कोशिश की थी। इस दौरान कैप्टन स्मिथ मच्छर ने उसका मुकाबला किया और उसे ऐसा करने से रोक दिया।
बता दें कि फ्लाईदुबई का यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। इसमें करीब 180 यात्री सवार थे। हालांकि, इस घटना से जुड़ी जानकारी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दी गई है।
स्मिथ मच्छर इससे पहले करीब 10 साल तक स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, तेल अवीव जा रहे विमान में उनके को-पायलट ने उन पर हमला कर दिया था।
इजराइली मीडिया की रिपोर्ट में कैप्टन के भारतीय मूल का होने की बात भी कही गई है। चैनल 12 ने उन्हें "भारतीय मूल" का पायलट बताया, जबकि Ynet ने उन्हें "भारतीय नागरिक" बताया।
करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
इस घटना के बाद, फ्लाईदुबई के विमान को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 9:45 बजे (0645 GMT) सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी के बयान के अनुसार, कैप्टन और को-पायलट दोनों घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने इस घटना को "आतंकवादी" हमला बताया और दावा किया कि को-पायलट विमान को क्रैश करके इजरायलियों की जान लेना चाहता था।
फिलहाल, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सह-पायलट की कथित हरकतों के साथ-साथ उसके पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
34 हजार फीट से अचानक 17 हजार फीट नीचे आया प्लेन
Flightradar वेबसाइट के डेटा के मुताबिक, उड़ान के दौरान प्लेन अचानक नीचे आ गया। 0521 GMT पर यह लगभग 34,000 फीट की ऊंचाई पर था और 0522 GMT तक 17,000 फीट से भी नीचे आ गया।
यात्री मिरयम शिरा ओहायोन ने बताया कि जब प्लेन दुबई से तेल अवीव जा रहा था और जॉर्डन के ऊपर से गुजर रहा था, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिससे प्लेन "लगभग बेकाबू" हो गया।
उन्होंने पत्रकारों को बताया, "को-पायलट ने पायलट की हत्या करने और असल में प्लेन पर सुसाइड अटैक करने की कोशिश की।" उन्होंने यह बात अपनी मां के हाथ में पकड़े स्पीकरफोन पर कही, जो तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उनका इंतजार कर रही थीं।
उन्होंने कहा, "यह सचमुच क्रैश होने ही वाला था, और कई लोगों की सूझबूझ की वजह से ही को-पायलट पर काबू पाया जा सका और उसे बेअसर किया जा सका।"
उन्होंने कहा, "वहां एक डॉक्टर भी थे जिन्होंने फर्स्ट एड दिया, और कुछ लोगों ने उन दोनों का इलाज किया। पायलट के अलावा किसी को चोट नहीं आई, लेकिन सबसे बड़ा डर क्रैश का था, और वह पायलट ठीक यही करने की कोशिश कर रहा था।"
इजरायल के कई मीडिया हाउस ने रिपोर्ट दी है कि प्लेन के पायलटों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी वजह से डिस्ट्रेस सिग्नल एक्टिवेट हो गया था।