मॉस्को में भारतीय इंजीनियर की गिरफ्तारी का दावा! पत्नी ने PM मोदी और सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार; बोली- 'रूसी सेना में भर्ती के लिए बनाया जा रहा दबाव'

Indian engineer arrested in Russia: नोएडा सेक्टर 62 की एक कंपनी के प्रोजेक्ट के सिलसिले में रूस गए एक भारतीय इंजीनियर को मॉस्को पुलिस ने कथित तौर पर गिरफ्तार कर लिया है। एक वायरल वीडियो में उनकी पत्नी का दावा है कि उन्हें रूसी सेना में भर्ती होने की कोशिश के आरोप में गलत तरीके से जबरन हिरासत में लिया गया है

अपडेटेड Sep 07, 2026 पर 4:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Indian engineer arrested in Russia: रूस की राजधानी मॉस्को में एक भारतीय इंजीनियर को कथित तौर पर अरेस्ट कर लिया गया है

Indian engineer arrested in Russia: रूस की राजधानी मॉस्को में एक भारतीय इंजीनियर की कथित तौर पर गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। नोएडा सेक्टर 62 की एक कंपनी से जुड़े प्रोजेक्ट के सिलसिले में वर्क वीजा पर इंजीनियर की नौकरी करने गए कानपुर के चंदन गुप्ता को कथित तौर पर मॉस्को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की अपील की है। स्नेहा का आरोप है कि उनके पति को गलत तरीके से एक मामले में फंसाया गया है। उन्हें जेल भेज दिया गया है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि रूस में कुछ लोगों को कथित तौर पर जबरन रूसी सेना में भेजे जाने की बात सामने आ रही है। इसी वजह से उनका परिवार बेहद चिंतित है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। स्नेहा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर पीएम मोदी और सीएम योगी से मदद की गुहार लगाई है। स्नेहा का आरोप है कि रात करीब साढ़े 12 बजे रूसी पुलिस चंदन को जबरन अपने साथ ले गई।

उनका कहना है कि चंदन ने ऐसा कोई काम नहीं किया था, जिसके चलते उन्हें हिरासत में लिया जाए। अब स्नेहा को डर है कि चंदन को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है। वह 10 साल के बच्चे के साथ मॉस्को में हैं। पति की सुरक्षित वापसी के लिए भारतीय दूतावास से भी मदद मांग रही हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विदेश मंत्रालय के मुताबिक, चंदन गुप्ता को नशे में होने के कारण रूस की पुलिस ने हिरासत में लिया है।


रेड स्क्वायर के पास देर रात हुई गिरफ्तारी

सरकारी सूत्रों के हवाले से 'न्यूज 18' को मिली जानकारी के मुताबिक, चंदन गुप्ता Flex Films Rus LLC में काम करते हैं। यह कंपनी भारतीय कंपनी Flex Films की रूस स्थित स्थानीय सब्सिडियरी बताई गई है। चंदन अपने दोस्त आशीष के साथ मॉस्को के रेड स्क्वायर परिसर में मौजूद थे। बताया गया है कि 5 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे मॉस्को पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, उन पर कथित तौर पर नशे में होने और पास में मौजूद एक एंबुलेंस के शीशे तोड़ने से संबंधित आरोप लगाए गए हैं। दोनों को फिलहाल मॉस्को के बाउमानस्काया (Baumanskaya) पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है।

भारतीय दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों से किया संपर्क

मामले की जानकारी सामने आने के बाद मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया है। दूतावास की ओर से दोनों भारतीय नागरिकों की रिहाई का अनुरोध किए जाने की बात कही गई है। साथ ही, दूतावास ने कांसुलर एक्सेस की मांग भी की है, ताकि हिरासत में लिए गए भारतीय नागरिकों से संपर्क कर उनकी स्थिति और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी ली जा सके। सरकारी सूत्र के अनुसार, भारतीय दूतावास लगातार चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा गुप्ता के संपर्क में है।

रूसी दूतावास ने भी मामले पर दिया जवाब

मामले को लेकर भारत में रूसी दूतावास ने भी प्रतिक्रिया दी है। रूसी दूतावास ने कहा कि वह चंदन गुप्ता की पत्नी और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास के अनुसार, स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत देख रही हैं और जांच कर रही हैं। रूसी दूतावास ने यह भी पुष्टि की कि उसने चंदन गुप्ता के लिए कांसुलर एक्सेस की मांग की है। दूतावास ने कहा कि उसे एक भारतीय नागरिक की सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में जानकारी मिली है और वह इस मामले में संबंधित लोगों तथा स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।

पत्नी ने वीडियो जारी कर PM मोदी और CM योगी से मांगी मदद

चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि उनके पति नोएडा के सेक्टर-62 स्थित एक भारतीय कंपनी में काम करते हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। स्नेहा के मुताबिक, कंपनी के प्रोजेक्ट के सिलसिले में चंदन रूस गए थे। वे वहां एक Highly Qualified Visa के तहत रह रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर से है।

Clipboard13चचक

वीडियो में स्नेहा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील करते हुए कहा कि उनके पति को रात में पुलिस अपने साथ ले गई और बाद में उन्हें एक मामले में फंसा दिया गया। उनका आरोप है कि चंदन ने कोई गलत काम नहीं किया था, लेकिन उन्हें हिरासत में लेने के बाद परेशान किया गया और फिर जेल भेज दिया गया। पत्नी ने अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि वह रूस में अपने 10 वर्षीय बच्चे के साथ हैं। उन्हें स्थानीय भाषा की जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा कि पति की गिरफ्तारी के बाद उनके सामने यह तक सवाल खड़ा हो गया है कि वह बच्चे के साथ वहां से कैसे निकलेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर अपने पति की रिहाई में मदद करने की अपील की है।

रूसी सेना में जबरन भेजे जाने का भी लगाया आरोप

स्नेहा ने अपने वीडियो में एक और गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि रूस में कुछ लोगों को कथित तौर पर जबरन रूसी सेना में भेजे जाने की बातें सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि सेना में कर्मियों की कमी के कारण लोगों को कथित तौर पर फंसाकर ले जाया जा रहा है और उनके परिवारों को यह तक जानकारी नहीं होती कि उन्हें कहां ले जाया गया।

हालांकि, चंदन गुप्ता को रूसी सेना में भर्ती किए जाने या उन्हें भर्ती करने के प्रयास का आरोप फिलहाल आधिकारिक तौर पर स्थापित नहीं हुआ है। उपलब्ध सरकारी जानकारी के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी नशे में होने और एंबुलेंस के शीशे तोड़े जाने के आरोपों से जुड़ी बताई गई है। मामले में फिलहाल भारतीय और रूसी दोनों पक्षों के अधिकारी संपर्क में हैं। भारतीय दूतावास ने कांसुलर एक्सेस की मांग की है। साथ ही स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया है।

ये भी पढ़ें- Amazon की शानदार नौकरी और Airbus का ऑफर... फिर भी ₹46 लाख का पैकेज छोड़ बना इंड‍ियन आर्मी अफसर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।