Indian Woman Killed In US: अमेरिका में पूर्व प्रेमी ने की भारतीय महिला की बेरहमी से हत्या, पिता ने भारत सरकार से की ये अपील

Indian Woman Killed In US: अमेरिकी पुलिस का कहना है कि भारतीय महिला को आखिरी बार अपने एक्स-बॉयफ्रेंड के साथ देखा गया था। मैरीलैंड से पिछले सप्ताह लापता हुई भारतीय महिला एक अपार्टमेंट में मृत पाई गई है। पुलिस को संदेह है कि महिला के पूर्व प्रेमी ने ही उसकी हत्या की है

अपडेटेड Jan 05, 2026 पर 3:51 PM
Story continues below Advertisement
Indian Woman Killed In US: भारतीय मूल की 27 साल की युवती निकिता गोडिशला की अमेरिका में हत्या कर दी गई है

Indian Woman Killed In US: अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में एक अपार्टमेंट के अंदर भारतीय मूल की 27 वर्षीय महिला निकिता गोडिशाला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अमेरिकी पुलिस का कहना है कि महिला को आखिरी बार अपने एक्स-बॉयफ्रेंड के साथ देखा गया था। मैरीलैंड से पिछले सप्ताह लापता हुई भारतीय महिला एक अपार्टमेंट में मृत पाई गई है। पुलिस को संदेह है कि महिला के पूर्व प्रेमी ने ही उसकी हत्या की है। हत्या के बाद वह भारत फरार हो गया है।

मैरीलैंड के एलिकॉट सिटी की रहने वाली निकिता गोडिशाला 2 जनवरी को लापता हो गई थी। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने रविवार को एक बयान में बताया कि निकिता का शव कोलंबिया स्थित उसके पूर्व प्रेमी 26 वर्षीय अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट से बरामद हुआ है। शव पर चाकू के घाव थे। पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ हत्या के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट हासिल कर लिया है।

वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि वह गोडिशाला के परिवार के संपर्क में है। हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। भारतीय दूतावास ने कहा, "हम इस मामले में स्थानीय अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।"

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अर्जुन शर्मा ने ही खुद पुलिस में निकिता की गुमशुदगी की रपट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था।

पुलिस जांच में पता चला कि दो जनवरी को गुमशुदगी की रपट दर्ज कराने के तुरंत बाद शर्मा भारत के लिए रवाना हो गया। अगले दिन जब जांचकर्ताओं ने उसके अपार्टमेंट की तलाशी ली, तो वहां निकिता का शव बरामद हुआ। पीड़िता तेलंगाना की रहने वाली थी।

जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि शर्मा ने 31 दिसंबर को शाम करीब सात बजे निकिता की हत्या कर दी थी। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने कहा कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। शर्मा का पता लगाने एवं उसे गिरफ्तार करने के लिए अमेरिकी जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।


ये भी पढ़ें- US immigrant welfare data: ट्रंप ने जारी की 120 देशों की लिस्ट! पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन शामिल, लेकिन भारत का नाम नहीं

निकिता गोडिशाला के पिता आनंद गोडिशाला ने सोमवार को न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि उनकी बेटी का शव मैरीलैंड के कोलंबिया में उसके पूर्व पार्टनर के अपार्टमेंट में चाकू के घावों के साथ मिला। उन्होंने कहा, "एक अपार्टमेंट में चार लोग रहते थे। उसका पूर्व रूममेट मेरी बेटी से बहुत पैसे लेता था। जब उसने भारत जाने से पहले उससे पैसे वापस मांगे, तो उसने उसे मार डाला और भाग गया।"

उन्होंने अपनी बेटी के शव को भारत लाने की अपील की। आनंद ने कहा, "मैं राज्य और केंद्र सरकार से रिक्वेस्ट करता हूं कि मेरी बेटी का शव जल्द से जल्द सौंप दें। मेरी बेटी चार साल पहले कोलंबिया गई थी। वह वहां काम कर रही थी... वह उसका पूर्व रूममेट था। यह सही नहीं है कि वह उसका पूर्व बॉयफ्रेंड था।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।