Indians attacked in Russia: रूस में विदेशी छात्रों के हॉस्टल पर जानलेवा हमला, चाकूबाजी में 4 भारतीय छात्रों समेत 8 घायल

Indians attacked in Russia: स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल में चाकू से लैस एक शख्स ने कई लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में चार भारतीय नागरिक और दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है

अपडेटेड Feb 08, 2026 पर 7:36 AM
Story continues below Advertisement
Indians attacked in Russia: रूस में चाकूबाजी में चार भारतीय छात्रों समेत कई घायल हो गए हैं

Indians attacked in Russia: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के एक विश्वविद्यालय में शनिवार (7 फरवरी) को चाकू से किए गए हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कम से कम आठ लोग घायल हो गए। रूस के गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक खबरों के अनुसार, चाकू लिए एक किशोर रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के उफा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में घुस गया। इस दौरान उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया। हमलावर ने उनमें से कई को चाकू मार दिया।

'आरटीवीआई डॉट कॉम' वेबपोर्टल ने गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से कहा, "हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया। इस दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू लग गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।" इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए भारतीय दूतावास ने कहा, "चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं।"

दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। कजैन स्थित वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए उफा रवाना हो गए हैं। एक विज्ञप्ति में रूसी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में घायल चार लोगों का इलाज किया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, इनमें से एक की हालत गंभीर है। जबकि तीन अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


रूस में भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि कजान में दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफा जा रहे हैं। बता दें कि कई भारतीय मेडिकल की पढ़ाई के लिए रूस जाते हैं।

दूतावास ने X पर लिखा, "ऊफा में हमले की एक दुखद घटना हुई है। चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं। दूतावास अधिकारियों के संपर्क में है और कजान में कॉन्सुलेट के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफा जा रहे हैं।"

'बाजा' टेलीग्राम चैनल ने कहा कि हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मॉस्को से करीब 1200 किलोमीटर दूर स्थित बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में इस घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू की गई है।

ये भी पढ़ें- Ghaziabad Suicide: पिता की 3 पत्नियां, तीनों सगी बहनें और लिव-इन पार्टनर की मौत! तीन बहनों के सुसाइड केस में खुल रहीं कई नई परतें

'बाजा' चैनल ने दावा किया कि हमलावर एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था। Ren TV ने एम्बुलेंस वैन द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाने के फुटेज दिखाते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, "चारों ओर खून था"।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।