इंडोनेशिया में फिर आया जोरदार भूकंप, इस बार 6.5 तीव्रता का लगा झटका...38 लोगों की हो चुकी है मौत

Earthquake : इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, पूर्वी नुसा तेंगारा के नागेकेओ जिले में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इस भूकंप में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि 11 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। भूकंप प्रभावित इलाकों से करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है

अपडेटेड Aug 15, 2026 पर 6:03 PM
इंडोनेशिया में एक बार फिर भूकंप आया है।

इंडोनेशिया में एक बार फिर भूकंप आया है। इस बार 6.5 तीव्रता का भूकंप आया। एनसीएस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि भूकंप 15 अगस्त को शाम 4:24 बजे आया। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर काफी गहराई में था। यह करीब 165 किलोमीटर की गहराई में आया था। एनसीएस ने भूकंप की जगह इंडोनेशिया बताई है। भूकंप के बाद फिलहाल किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं मिली है। यह भूकंप ऐसे समय आया है, शनिवार तड़के इंडोनेशिया के तट पर 7.7 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया. इसमें कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई और कई इमारतें व घर ढह गए।

38 लोगों की हुई मौत

इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, पूर्वी नुसा तेंगारा के नागेकेओ जिले में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इस भूकंप में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि 11 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। भूकंप प्रभावित इलाकों से करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।


कई इमारतों को पहुंचा नुकसान 

तेज भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं और जगह-जगह भूस्खलन हुआ। कुछ सड़कें भी बंद हो गईं। संचार व्यवस्था और प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में परेशानी के कारण राहत और बचाव अभियान में भी दिक्कतें आईं। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद सुनामी का बड़ा खतरा नहीं होने की बात कही और चेतावनी वापस ले ली।

बचाव दल भूकंप के केंद्र के आसपास के इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, अधिकारी भूकंप से हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं। मुख्य भूकंप के बाद कई बाद के झटके (आफ्टरशॉक्स) भी महसूस किए गए हैं। शनिवार को आए ये दोनों भूकंप एक ही घटना का हिस्सा नहीं थे। 7.7 तीव्रता वाला जानलेवा भूकंप पूर्वी इंडोनेशिया में फ्लोरेस के पास आया था। वहीं, भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने जिस 6.5 तीव्रता के भूकंप की जानकारी दी, वह एक अलग जगह पर और जमीन के काफी नीचे आया था। इसलिए दोनों भूकंपों को अलग-अलग घटनाओं के तौर पर देखा जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।