प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल इंडोनेशिया के दौरे पर हैं। वह सोमवार शाम जकार्ता एयरपोर्ट पर उतरे, जहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया। वहीं इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कहा कि उनके शरीर में भी भारतीय डीएनए है। उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
अपने संबोधन में प्राबोवो सुबियांतो ने बताया कि भारत की राजकीय यात्रा पर आने से पहले उन्होंने अपना डीएनए (जीनोम) टेस्ट कराया था। जांच में उन्हें पता चला कि उनके भीतर भारतीय मूल के डीएनए के अंश भी मौजूद हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि शायद यही वजह है कि जब भी वह कोई संगीत, खासकर भारतीय संगीत सुनते हैं, तो उनके पैर अपने आप थिरकने लगते हैं।
राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो की यह बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं और खुशी जताई। उन्होंने आगे कहा कि उनके कई मंत्री और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी भारतीय गाने सुनना पसंद करते हैं। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि हो सकता है उनके भीतर भी भारतीय डीएनए हो। प्राबोवो ने खुद को भारत का अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि इंडोनेशिया को भारत के अनुभवों से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की संस्कृति और सभ्यता पर भारत का गहरा प्रभाव रहा है। उनकी भाषा के कई शब्द संस्कृत से आए हैं और वहां के बहुत से लोगों के नाम भी संस्कृत से जुड़े हुए हैं।
भारत और इंडोनेशिया के बीच हुए 20 समझौते
इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो ने मोदी की तारीफ करते हुए कहा, 'मैं आपका करियर कॉपी करता हूं।' उनके इतना कहते ही तालियां बजने लगीं। उन्होंने कहा, ' मोदी सरकार की कई योजनाएं सफल रही हैं। इसलिए वे इन्हें अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। अच्छा हुआ इन योजनाओं पर 'कॉपीराइट' नहीं है।' भारत-इंडोनेशिया के बीच मंगलवार को जकार्ता में 20 समझौते हुए। भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त यूनिट देगा। इसी के साथ फिलीपींस, वियतनाम के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस खरीदने वाला तीसरा देश बन गया है।