मिडिल ईस्ट में कुछ बड़ा होने वाला है? ईरान ने अचानक बंद किया अपना एयरस्पेस, उधर बेटे की शादी छोड़ व्हाइट हाउस लौटे ट्रंप

Iran Closes Airspace: इरानी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने सख्त NOTAM का आदेश जारी किया है। ईरान ने 25 मई तक अपने पश्चिमी क्षेत्र के हवाई क्षेत्र को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। उधर ट्रंप ने अपने सारे आधिकारिक दौरे और कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। यहां तक कि वे अपने सगे बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल होने के बजाय आपातकालीन स्थिति को संभालने के लिए वापस व्हाइट हाउस लौट आए हैं

अपडेटेड May 23, 2026 पर 10:56 AM
Story continues below Advertisement
इस तनाव का सीधा असर वाशिंगटन में भी देखने को मिल रहा है

Iran Airspace Closed: मिडिल ईस्ट से इस समय एक बेहद चौंकाने वाली खबर आ रही है। अमेरिका के साथ बढ़ते युद्ध के खतरे के बीच ईरान ने अचानक अपने पश्चिमी हिस्से का एयरस्पेस पूरी तरह बंद कर दिया है। ईरान के इस औचक फैसले के बाद पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है और कयास लगाए जा रहे हैं कि इस क्षेत्र में कभी भी बड़ा सैन्य हमला हो सकता है।

इस तनाव का सीधा असर वाशिंगटन में भी देखने को मिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस 'मेमोरियल डे वीकेंड' पर अपने सारे आधिकारिक दौरे और कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। यहां तक कि वे अपने सगे बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल होने के बजाय आपातकालीन स्थिति को संभालने के लिए वापस व्हाइट हाउस लौट आए हैं।

25 मई तक के लिए जारी हुआ NOTAM


इरानी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने एक नया और सख्त NOTAM का आदेश जारी किया है। इसके तहत ईरान ने 22 मई से लेकर 25 मई तक अपने पश्चिमी क्षेत्र के हवाई क्षेत्र को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है।

इस संवेदनशील इलाके में आने वाले 8 प्रमुख एयरपोर्ट्स अब केवल दिन के उजाले में ही संचालित किए जा सकेंगे। इसके अलावा, पहले से मंजूर की गई सभी उड़ानों की अनुमतियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

तेहरान के आसमान में गूंजे फाइटर जेट्स!

ईरान ने इस एयरस्पेस को बंद करने की कोई आधिकारिक या ठोस वजह नहीं बताई है, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह किसी बड़े हमले की सुरक्षा तैयारी या गुप्त सैन्य अभ्यास का हिस्सा हो सकता है।

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और स्थानीय खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के मेहराबाद एयरपोर्ट से भयानक फाइटर जेट्स और वायुसेना की संदिग्ध गतिविधियां दर्ज की गई हैं। तेहरान के आसमान में लड़ाकू विमान लगातार उड़ान भर रहे हैं। यह पूरी हलचल हाल ही में अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के बाद शुरू हुई है, जिसने चल रहे अस्थायी सीजफायर को खतरे में डाल दिया है। यूरोपीय विमानन अधिकारियों ने भी सभी कमर्शियल एयरलाइंस को इस पूरे क्षेत्र से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।

दुबई, अबू धाबी और भारत की उड़ानों पर बड़ा असर

ईरान के इस कदम से अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। कमर्शियल एयरलाइंस ने अब ईरान और उसके पड़ोसी देश इराक के हवाई क्षेत्र से पूरी तरह दूरी बना ली है।

एमिरेट्स की नई गाइडलाइंस: दुबई और अबू धाबी जाने वाले यात्रियों के लिए एमिरेट्स एयरलाइंस ने विशेष निर्देश जारी किए हैं:

यात्रियों को फ्लाइट के समय से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने और 60 मिनट पहले बोर्डिंग गेट पर रिपोर्ट करने को कहा गया है।

एयरपोर्ट के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सड़क मार्ग के बजाय दुबई मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

जिन यात्रियों की बुकिंग 28 फरवरी से 31 मई के बीच है, वे 15 जून तक अपनी फ्लाइट को रीशेड्यूल कर सकते हैं या फुल रिफंड के लिए क्लेम कर सकते हैं।

एयर इंडिया का शेड्यूल: एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 23 मई 2026 को पश्चिम एशिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए अपनी निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें जारी रखेंगे। हालांकि, ये उड़ानें स्थानीय नियामक अधिकारियों की मंजूरी और स्लॉट की उपलब्धता के अधीन ही संचालित होंगी।

क्यों गंभीर हैं हालात?

ईरान के ठीक बगल में स्थित इराक का हवाई क्षेत्र भी इस समय पूरी तरह सूना पड़ा है, क्योंकि कोई भी एयरलाइंस युद्ध के इस रेड जोन में खतरा मोल नहीं लेना चाहती। तेल और गैस की वैश्विक सप्लाई चेन के पास एयरस्पेस का इस तरह अचानक बंद होना यह संकेत दे रहा है कि पर्दे के पीछे कुछ बहुत बड़ा और खतरनाक घटित होने वाला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।