Ali Khamenei: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक, ईरानी मीडिया ने बताया 'शहीद'

Israel-US Iran War: ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार (1 मार्च) सुबह ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को 'शहीद' करार दिया। सरकारी ब्रॉडकास्टर ने कहा कि खामेनेई शहीद हो गए हैं। खामेनेई की हत्या के बाद ईरान में 40 दिनों का सार्वजनिक शोक घोषित किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी खामेनेई की मौत की घोषणा की है

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 8:52 AM
Story continues below Advertisement
Israel-US Iran War: ईरान ने अमेरिकी-इजरायल हमलों में खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि कर दी है

Israel-US Iran War: अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। ईरान के एस्टेट टेलिविजन पर सुप्रीम लीडर खामेनई की मौत का ऐलान किया गया है। ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार सुबह कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर की इजरायली और अमेरिका के हमलों में मौत हो गई है। ईरानी सरकार ने खामेनेई की हत्या के बाद 40 दिन के शोक का ऐलान किया है।

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई रविवार (1 मार्च) सुबह मारे गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। पहले की रिपोर्ट्स में कहा गया था कि कथित इजरायली-US हमलों के बाद खामेनेई की बॉडी बरामद की गई थी।

हालांकि, तेहरान ने शुरू में उनकी मौत की पुष्टि नहीं की थी। इजरायल के चैनल 12 के मुताबिक, खामेनेई की बॉडी की एक तस्वीर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाई गई। ईरान की फार्स (Fars) और तस्नीम (Tasnim) न्यूज एजेंसियों का कहना है कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की उनके ऑफिस में ड्यूटी करते समय हत्या कर दी गई।


ईरानी नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने कहा कि खामेनेई की हत्या जालिमों के खिलाफ एक बड़ी बगावत का लॉन्चपैड होगी। इससे पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के संकेत मिल रहे हैं।

नेतन्याहू ने टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में कहा कि हमलों में खामेनेई के परिसर को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, "इस बात के संकेत बढ़ रहे हैं कि खामेनेई की मौत हो गई है।" बता दें कि सैन्य अभियान शुरू होने के बाद से खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं।

ट्रंप ने पहले खामेनेई की मौत की घोषणा करते हुए कहा कि इससे ईरानियों को अपना देश वापस लेने का सबसे बड़ा मौका मिला है। ईरानी मीडिया ने ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की बेटी, पोती, दामाद और बहू की भी मौत की पुष्टि की है। सुप्रीम लीडर की हत्या के बाद ईरान की बदले की धमकी को देखते हुए यह संघर्ष बढ़ने की आशंका है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक खामेनेई की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि वह हमारे इंटेलिजेंस और बहुत एडवांस्ड ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं पाया। ट्रंप ने कहा कि इजरायल के साथ मिलकर काम करते हुए वो या उसके साथ मारे गए दूसरे नेता कुछ भी नहीं कर सके।

ये भी पढ़ें- Israel-US Attacks Iran: ट्रंप का बड़ा दावा- इजरायल और अमेरिकी हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत! बेटी, पोते और दामाद भी मारे गए

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।