'ईरानी जमीन पर कदम रखा तो हाथ काट देंगे...', अमेरिका को तेहरान की खुली चेतावनी, होर्मुज पर बुरी तरह फंसे ट्रंप!

Iran Warning To US Ground Invasion: ईरान की थल सेना के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अली जहांशाही ने देश की सीमाओं पर जवानों की किसी भी संभावित युद्ध की तैयारियों का जिक्र करते हुए अमेरिका को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'अगर किसी भी अमेरिकी सैन्यकर्मी ने ईरान की धरती पर कदम रखा, तो हम उन्हें काटकर अलग कर देंगे'

अपडेटेड Aug 10, 2026 पर 9:59 AM
ईरानी सेनाएं दुश्मन की हर हरकत और संभावित खतरे पर पैनी नजर बनए हुए हैं

US Iran Conflict Update: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच तेहरान ने वाशिंगटन को किसी भी तरह के जमीनी सैन्य हमले के खिलाफ सख्त लहजे में चेतावनी जारी की है। ईरान की सेना ने स्पष्ट किया है कि उसकी सीमाएं पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं और अगर अमेरिकी सैनिक ईरान में प्रवेश करते हैं, तो उन्हें कड़ा और विनाशकारी जवाब दिया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, सैन्य चेतावनियों के बावजूद मध्यस्थ देशों के जरिए दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष कूटनीतिक बातचीत और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बातचीत जारी है।

'हम उन्हें काटकर अलग कर देंगे': ईरानी जनरल की सीधी चेतावनी


ईरान की थल सेना के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अली जहांशाही ने देश की सीमाओं पर जवानों की युद्ध तैयारियों का जिक्र करते हुए अमेरिका को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'अगर किसी भी अमेरिकी सैन्यकर्मी ने ईरान की धरती पर कदम रखा, तो हम उन्हें काटकर अलग कर देंगे।'

जनरल जहांशाही ने जोर देकर कहा कि ईरानी बल दुश्मन की हर हरकत और संभावित खतरे पर पैनी नजर रख रहे हैं और किसी भी दुस्साहस का माकूल और आक्रामक जवाब दिया जाएगा।

अमेरिका के साथ सीधी बातचीत बंद, मध्यस्थों के जरिए हो रहा मैसेज ट्रांसफर

सैन्य मोर्चे पर जारी तल्खी के बीच कूटनीतिक रास्ते पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने साफ किया कि वाशिंगटन के साथ कोई भी सीधी बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' के उल्लंघन को बंद नहीं करता और हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता, तब तक सीधी बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं है।

कई मध्यस्थ देश दोनों पक्षों के बीच संदेशों के आदान-प्रदान और बातचीत का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर ओमान के साथ डील करीब

दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल समुद्री मार्गों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही को लेकर कानूनी और तकनीकी फ्रेमवर्क पर बातचीत अंतिम चरण में है।

विदेश मंत्री अराघची के अनुसार, ओमान के साथ ट्रैफिक सेपरेशन स्कीम और जहाजों के नए रूट तय करने को लेकर समझौता होने वाला है। पुराना रूट अब ईरान को स्वीकार्य नहीं है।

ईरान ने स्पष्ट किया है कि केवल ओमान के साथ समझौता होने से होर्मुज जलडमरूमध्य अपने आप नहीं खुलेगा। इसके लिए अमेरिका द्वारा किए गए उल्लंघनों की भरपाई और अन्य शर्तों का पूरा होना जरूरी है।

ओमान-ईरान बातचीत में प्रगति, नाकाबंदी हटाने का संकेत

अमेरिकी प्रशासन ने भी माना है कि ओमान और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, जैसे ही वाणिज्यिक जहाजों की बिना किसी रुकावट के आवाजाही बहाल करने वाले समझौते की घोषणा होगी, अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई अपनी समुद्री नाकाबंदी को हटा देगा।

इस समझौते से क्षेत्र में वाणिज्यिक नौवहन बहाल होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के निर्यात में आ रही रुकावटों के दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।