Iran Hangs Mossad Agent: ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध और सीजफायर की कोशिशों के बीच तेहरान से एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान ने बुधवार, 22 अप्रैल की सुबह एक व्यक्ति को इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद (Mossad) के लिए जासूसी करने के आरोप में फांसी पर लटका दिया। ईरान का दावा है कि यह व्यक्ति देश की सुरक्षा के खिलाफ गंभीर साजिशों में शामिल था।
कौन था मेहदी फरीद, क्या थे आरोप?
ईरान की न्यायिक समाचार एजेंसी 'मिजान ऑनलाइन' के अनुसार, फांसी की सजा पाने वाले व्यक्ति का नाम मेहदी फरीद है। अदालत ने मेहदी को इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के साथ 'व्यापक सहयोग' और जासूसी करने का दोषी पाया। उसे 'करप्शन ऑन अर्थ' के तहत मौत की सजा सुनाई गई, जो ईरान में सबसे बड़ा अपराध माना जाता है। मानवाधिकार संगठनों का आरोप है कि मेहदी फरीद की गिरफ्तारी और सुनवाई बंद कमरों में हुई, जहां उसे अपना बचाव करने का उचित अवसर नहीं मिला।
युद्ध और विरोध प्रदर्शनों का सामना कर रहा है ईरान
यह फांसी ऐसे समय में हुई है जब ईरान कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ईरान में इस साल जनवरी में बड़े पैमाने पर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन हुए थे। ईरानी अधिकारियों का दावा है कि इन प्रदर्शनों को भड़काने के पीछे इजरायल, अमेरिका और प्रतिबंधित विपक्षी समूहों का हाथ था। दूसरी तरफ ईरान 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध की स्थिति में है। हालांकि 8 अप्रैल से सीजफायर लागू है, लेकिन ईरान के भीतर कथित जासूसों और प्रदर्शनकारियों को फांसी देने का सिलसिला थमा नहीं है।
मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता
हाल के हफ्तों में ईरान ने कई लोगों को मौत की सजा दी है, जिनमें से अधिकतर पर जासूसी या जनवरी के प्रदर्शनों में शामिल होने का आरोप था। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि, ईरान इन सजाओं का इस्तेमाल जनता के बीच खौफ पैदा करने के लिए कर रहा है। ईरान में निष्पक्ष सुनवाई की कमी है और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हो रहा है।