ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले का आज एक महीने का वक्त पूरा हो चुका है। वहीं इस जंग के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है. ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि उन्होंने अमेरिका के एक और F-16 फाइटर जेट को मार गिराया है। इससे पहले भी ईरान ने दावा किया था कि उसने F-35 और F-15 फाइटर जेट्स को टारगेट किया है।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी ईरान के आसमान में एक अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। यह घटना अमेरिका के साथ चल रहे तनाव के बीच एक बड़े टकराव की ओर इशारा करती है। आईआरजीसी के बयान के मुताबिक, इस विमान को फ़ार्स प्रांत के दक्षिणी हिस्से में निशाना बनाया गया। ईरानी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई उनके हवाई रक्षा सिस्टम के जरिए की गई। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है, इसलिए स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
ईरान ने कई विमानों को मार गिराने का दावा किया?
युद्ध के दौरान ईरान ने कई महंगे और आधुनिक अमेरिका और इजरायल के विमानों को निशाना बनाने या मार गिराने का दावा किया है। ईरान के मुताबिक, जिन विमानों को निशाना बनाया गया उनमें एफ-16, एफ-15, एफ-35 स्टेल्थ लड़ाकू विमान और हवाई ईंधन भरने वाले विमान शामिल हैं। कुल मिलाकर, इन दावों को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है और कई मामलों में स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
ईरानी सेना से जुड़े मीडिया संस्थानों ने कई बार दावा किया है कि उनकी एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान के हवाई क्षेत्र के ऊपर या उसके आसपास मिशन पर आए अमेरिका और इजरायल के एफ-16 और एफ-15 लड़ाकू विमानों को निशाना बनाया। हालांकि, कई मामलों में अमेरिका और इजरायल ने इन दावों को या तो पूरी तरह खारिज कर दिया, या यह कहा कि उनके विमान सुरक्षित रूप से अपने मिशन पूरा करके लौट आए।
ईरान ने यह भी दावा किया कि उसने एक अमेरिकी एफ-35 स्टेल्थ लड़ाकू विमान को निशाना बनाया, जो दुनिया के सबसे आधुनिक विमानों में गिना जाता है। ईरानी मीडिया ने इसे बड़ी सफलता बताया, लेकिन बाहरी रिपोर्टों के अनुसार विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुआ था, बल्कि उसे नुकसान पहुंचा और बाद में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। अब तक अमेरिका की तरफ से किसी भी विमान को मार गिराए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले अमेरिका का KC-135 एयर रिफ्यूलिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसे ईरान ने मार गिराने का दावा किया था. उस पर अमेरिका ने कहा था कि वो तकनीकी खराबी की वजह हादसे का शिकार हुआ. ईरान दो बार दावा कर चुका है कि वो अमेरिका के सबसे ताकतवर एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन को हिट कर चुका है।