Iran Israel War: ईरान-इजरायल के बीच 12 दिन का युद्ध खत्म, ट्रंप के ऐलान के बाद ईरानी विदेश मंत्री ने की सीजफायर की पुष्टि

Iran-Israel Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान और इजरायल के बीच आखिरकार सीजफायर हो गया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि इजरायल और ईरान के बीच 12 दिनों तक जारी युद्ध के बाद सीजफायर पर सहमति बन गई है। उन्होंने दावा किया कि दोनों ही देश मध्यपूर्व में शांति बहाल करने को तैयार हो गए हैं

अपडेटेड Jun 24, 2025 पर 8:52 AM
Story continues below Advertisement
Iran Israel War: ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि हमने दुश्मन के किसी भी हमले का आखिरी मिनट तक जवाब दिया

Iran Israel War Latest News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से ईरान और इजरायल के बीच युद्ध विराम की घोषणा के बाद ईरानी विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने भी मंगलवार (24 जून) को इजरायल के साथ सीजफायर के संकेत दिए। उन्होंने सुबह 4 बजे (स्थानीय समय) तक इजरायल के खिलाफ अभियान चलाने के लिए अपने सशस्त्र बलों को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके सशस्त्र बलों ने अपने खून की आखिरी बूंद तक ईरान की रक्षा की। उन्होंने कहा कि दुश्मन के किसी भी हमले का आखिरी मिनट तक जवाब दिया। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर हो गया है।

अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "इजरायल को उसकी आक्रामकता के लिए दंडित करने के लिए हमारे शक्तिशाली सशस्त्र बलों का सैन्य अभियान अंतिम क्षण सुबह 4 बजे तक जारी रहा। मैं सभी ईरानियों के साथ मिलकर अपने बहादुर सशस्त्र बलों को धन्यवाद देता हूं जो अपने खून की आखिरी बूंद तक हमारे प्यारे देश की रक्षा के लिए तैयार रहे और जिन्होंने दुश्मन के किसी भी हमले का आखिरी मिनट तक जवाब दिया।"

इससे पहले ट्रंप के ऐलान के बाद अराघची ने ट्वीट किया, "जैसा कि ईरान ने बार-बार स्पष्ट किया है। इजरायल ने ईरान पर युद्ध शुरू किया है न कि इसके विपरीत। अभी तक, युद्ध विराम या सैन्य अभियानों की समाप्ति पर कोई समझौता नहीं हुआ है, बशर्ते इजरायली शासन ईरानी लोगों के खिलाफ अपने अवैध आक्रमण समय के अनुसार सुबह 4 बजे से पहले बंद कर दे। उसके बाद हमारा जवाबी कार्रवाई जारी रखने का कोई इरादा नहीं है। हमारे सैन्य अभियानों की समाप्ति पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा।"


अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, "सभी को बधाई! इजरायल और ईरान के बीच पूरी तरह से सहमति बन गई है कि 12 घंटों के लिए पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम होगा। (अब से लगभग 6 घंटों में जब इजरायल और ईरान अपने चल रहे अंतिम मिशनों को समाप्त कर लेंगे!), जिस बिंदु पर युद्ध को समाप्त माना जाएगा! आधिकारिक तौर पर ईरान युद्ध विराम शुरू करेगा और 12वें घंटे में इजरायल युद्ध विराम शुरू करेगा। फिर 24वें घंटे में 12 दिवसीय युद्ध के आधिकारिक अंत को दुनिया द्वारा सलामी दी जाएगी। प्रत्येक युद्ध विराम के दौरान दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बना रहेगा।"

ट्रंप ने आगे कहा, "इस धारणा पर कि सब कुछ वैसा ही काम करता है जैसा कि होना चाहिए, जो कि होगा, मैं दोनों देशों इजरायल और ईरान को सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता रखने के लिए बधाई देना चाहता हूं। यह एक ऐसा युद्ध है जो सालों तक चल सकता था। पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और न ही कभी होगा! भगवान इजरायल को आशीर्वाद दें। भगवान ईरान को आशीर्वाद दें। भगवान मध्य पूर्व को आशीर्वाद दें। भगवान संयुक्त राज्य अमेरिका को आशीर्वाद दें। भगवान पूरी दुनिया को आशीर्वाद दें!"

ये भी पढ़ें- Iran-Israel Ceasefire: तीसरा विश्व युद्ध टला! ईरान-इजरायल के बीच हुआ सीजफायर, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा

ईरान ने सोमवार रात कतर के अल उदीद वायु सेना अड्डे पर तैनात अमेरिकी सैनिकों पर हमला किया था। यह घोषणा सरकारी टेलीविजन पर की गई। स्क्रीन पर एक कैप्शन में इसे "अमेरिका की आक्रामकता के लिए ईरान के सशस्त्र बलों द्वारा करारा जवाब" कहा गया। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि ईरान ने आधिकारिक तौर पर हमारे द्वारा उनके परमाणु ठिकानों को नष्ट करने का बहुत ही कमजोर जवाब दिया है, जिसकी हमें उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि उसने बहुत प्रभावी ढंग से इसका जवाब दिया है। ईरान की तरफ से 14 मिसाइलें दागी गईं जिसमें से 13 को गिरा दिया गया।

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Jun 24, 2025 8:51 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।