US-Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दिए गए '48 घंटे के अल्टीमेटम' के बीच ईरान ने रविवार तड़के इजरायल और कुवैत पर मिसाइलों और ड्रोनों से बड़ा हमला बोल दिया है। दरअसल ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान समझौता नहीं करता और होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता, तो उस पर 'कयामत' टूट पड़ेगी। हालांकि, इस धमकी को दरकिनार करते हुए ईरान ने नए हमले जारी रखे है।
ट्रंप का अल्टीमेटम और ईरान का पलटवार
शनिवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को सीधी चेतावनी दी थी। ट्रंप ने लिखा, 'समय खत्म हो रहा है, 48 घंटे बचे हैं, इसके बाद उन पर कयामत बरसेगी।' उन्होंने 26 मार्च को दिए गए अपने 10 दिनों के अल्टीमेटम की याद दिलाई। ईरान के सैन्य जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने ट्रंप की धमकी को 'बेवकूफाना' बताया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, 'नरक के दरवाजे अब तुम्हारे लिए खुलेंगे।'
अब युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों को निशाना बना रहे हैं। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के दक्षिण-पश्चिम में एक पेट्रोकेमिकल हब, सीमेंट प्लांट और व्यापारिक टर्मिनल पर हमला किया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। ईरान के जवाबी हमलों में बहरीन में 4 लोग घायल हुए, जबकि दुबई में अमेरिकी कंपनी 'ओरेकल' के ऑफिस वाली इमारत पर मलबे गिरने से नुकसान हुआ।
बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के पास हमला
शनिवार को ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास एक बड़ा हमला हुआ, जिसमें एक गार्ड की मौत हो गई। इस प्लांट के संचालन में रूस मदद करता है। उसने अपने 198 कर्मचारियों को वहां से निकालने का फैसला किया है और इस हमले की निंदा की है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि अगर प्लांट पर हमले जारी रहे, तो होने वाला परमाणु रिसाव तेहरान को नहीं, बल्कि कुवैत, बहरीन और कतर जैसे खाड़ी देशों की राजधानियों को तबाह कर देगा।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने गहरी चिंता जताई है, हालांकि अभी वहां रेडिएशन बढ़ने की खबर नहीं है।
अमेरिकी पायलट की तलाश जारी
युद्ध के बीच एक अमेरिकी एयरमैन के लापता होने से तनाव और बढ़ गया है। ईरान का दावा है कि उसने अमेरिका का एक F-15 और एक A-10 फाइटर जेट मार गिराया है। F-15 के दो क्रू मेंबर्स में से एक को बचा लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है। स्थानीय ईरानी कबीले और सुरक्षा बल उसे ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान ईरानी पुलिस द्वारा अमेरिकी रेस्क्यू हेलीकॉप्टर पर फायरिंग की खबरें भी सामने आई हैं।