होर्मुज में शुरू हो गई आर-पार की जंग! ईरान ने पहले अपाचे चॉपर फिर रीपर ड्रोन किया ढेर, खाड़ी में तेहरान ने मचाया कोहराम!

Iran US War In Hormuz: ईरान ने बीते दिन ओमान के तट के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलीकॉप्टर मार गिराया। ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए इस पर कहा, 'ईरान ने हमारा हेलीकॉप्टर मार गिराया है, जिसका जवाब देना बेहद जरूरी था। हम इस वक्त भी उन पर पलटवार कर रहे हैं'। वैसे अमेरिका की एयरस्ट्राइक के तुरंत बाद ईरान ने भी खौफनाक जवाबी कार्रवाई की है

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 8:36 AM
अमेरिका ने ईरान के भीतर तीन अलग-अलग लहरों में हवाई हमले किए हैं

Battle Over Strait Of Hormuz: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिका और ईरान के बीच भीषण सैन्य टकराव शुरू हो गया है। बुधवार को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुशहर प्रांत के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी सेना के बेहद आधुनिक और खतरनाक MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है।

ईरान द्वारा ड्रोन मार गिराए जाने के बाद अमेरिका भड़क उठा है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने ईरान पर ताबड़तोड़ हमलों की झड़ी लगा दी है। वैसे सोशल मीडिया पर इस अमेरिकी खतरनाक ड्रोन के क्रैश होकर गिरने का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

युद्ध के मैदान में दखल दे रहा था अमेरिकी ड्रोन


ईरानी सेना ने एक आधिकारिक बयान जारी कर ड्रोन को मार गिराने की पुष्टि की है। ईरान का कहना है कि चल रही हवाई झड़पों के बीच, अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन फारस की खाड़ी के उत्तरी आसमान से युद्ध क्षेत्र में दखल देने और आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बुशहर प्रांत के जैम काउंटी में IRGC के आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने इसे निशाना बनाया और हवा में ही नेस्तनाबूद कर दिया।

अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर गिरने के बाद शुरू किए हमले

हालिया तनाव की शुरुआत तब हुई जब ओमान के तट के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार ठहराया।

ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'ईरान ने हमारा हेलीकॉप्टर मार गिराया है, जिसका जवाब देना बेहद जरूरी था। हम इस वक्त भी उन पर पलटवार कर रहे हैं। हमारा यह एक्शन बेहद मजबूत और शक्तिशाली है'। अमेरिका ने ईरान के भीतर तीन अलग-अलग लहरों में हवाई हमले किए हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी एयरस्ट्राइक

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इन हमलों को 'आत्मरक्षा' में उठाया गया कदम बताया है। अमेरिकी वायुसेना और नौसेना के फाइटर जेट्स ने प्रिसिजन गाइडेड बमों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास बने ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और रडार साइट्स को तबाह कर दिया है।

इस अमेरिकी हमले के दौरान ईरान के अहवाज, बंदर अब्बास और केशम द्वीप पर भीषण धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हमलों के चलते बुशहर और जेस्क जैसे इलाकों में पानी के टैंक और टेलिकम्युनिकेशन टावरों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थानीय निवासियों के लिए पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।

ईरान ने बहरीन में अमेरिकी 5वें बेड़े पर ड्रोन से हमला

अमेरिका की एयरस्ट्राइक के तुरंत बाद ईरान ने भी खौफनाक जवाबी कार्रवाई की है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बहरीन में स्थित अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े को निशाना बनाकर आत्मघाती ड्रोन हमले किए हैं। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका की ओर से दुश्मनी जारी रही, तो इससे भी कहीं ज्यादा घातक और भारी पलटवार किया जाएगा।

ईरानी विदेश मंत्री ने दी सीधी चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची ने वाशिंगटन को कड़ी चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि खाड़ी क्षेत्र में काम कर रही विदेशी ताकतों के लिए हमेशा दुर्घटना, गलत अनुमान या क्रॉसफायर में फंसने का खतरा बना रहेगा। उन्होंने दो टूक कहा, 'अगर विदेशी ताकतें सुरक्षित रहना चाहती हैं, तो उनके लिए सबसे बेहतर समाधान यही है कि वे इस पूरे इलाके को छोड़कर तुरंत बाहर निकल जाएं। ईरान अपनी संप्रभुता पर हुए किसी भी हमले को अनुत्तरित नहीं छोड़ेगा'।

क्या रुक जाएंगी दोनों देशों के बीच शांति वार्ता?

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्ग है। इस ताजा जंग से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई ठप होने का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह हमला सिर्फ एक 'वार्निंग शॉट' था, और इससे दोनों देशों के बीच चल रही बैक-चैनल शांति वार्ता और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर होने वाली चर्चाओं के पटरी से उतरने की आशंका नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।