Iran US War Update: अमेरिका ने ईरान के 140 ठिकानों पर की भयंकर बमबारी, जवाब में ईरानी सेना ने कतर, UAE और बहरीन पर बरसाए बम

Iran US War Update: ईरान ने अमेरिकी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को निशाना बनाकर जोरदार बमबारी की है। तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक जहाज पर हमला किया है, जिससे फारस की खाड़ी में गोलीबारी का एक नया दौर शुरू हो गया

अपडेटेड Jul 12, 2026 पर 9:57 AM
Iran US War Update: अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने बहरीन, कतर और यूएई पर बमबारी की है

Iran US War Update: अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कमर्शियल जहाज पर हमले के जवाब में रविवार (12 जुलाई) तड़के ईरान पर भयंकर हमला शुरू कर दिया है। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को निशाना बनाकर जोरदार हमले किए। तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक जहाज पर हमला किया है, जिससे फारस की खाड़ी में गोलीबारी का एक नया दौर शुरू हो गया।

न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, US मिलिट्री ने कहा है कि उसने ईरान को टारगेट करते हुए एयरस्ट्राइक का अपना लेटेस्ट राउंड पूरा कर लिया है, जिसमें करीब 140 टारगेट शामिल हैं। इसके बाद ईरान ने बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाकर हमले किए। पूरे इलाके में मिसाइल और ड्रोन अलर्ट जारी कर दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने कतर, ओमान और UAE में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले शुरू किए हैं। फारस की खाड़ी में दोनों पक्षों के बीच हमलों का यह नया दौर ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान युद्ध को लेकर हुआ अंतरिम समझौता और युद्धविराम अब समाप्त हो चुका है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में लिखा, "ईरान ने गलत विकल्प चुना। अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।"


UAE में अलर्ट

संयुक्त अरब अमीरात ने नजदीक में स्थित कतर में विस्फोटों की आवाज सुने जाने के बीच रविवार को लोगों को मिसाइल और ड्रोन हमले की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की। धमाकों के कुछ ही देर बाद कतर में मिसाइल हमले की चेतावनी के सायरन बजने लगे। इस बीच, फारस की खाड़ी में स्थित बहरीन में भी मिसाइल हमले की चेतावनी के सायरन बजे। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि संयुक्त अरब अमीरात में किन स्थानों को निशाना बनाया गया। ईरान के हालिया हमलों के दौर में अब तक उसे निशाना नहीं बनाया गया था।

कंटेनर जहाज को ईरान ने बनाया निशाना

होर्मुज जलडमरूमध्य में हुए हमले के संबंध में यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि साइप्रस के ध्वज वाले एक कंटेनर जहाज को ईरान ने निशाना बनाया, जिससे उसके इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचा। इस हमले में चालक दल का एक असैन्य सदस्य लापता है। ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि कई जहाजों ने अपना रुट्स बदलने और इन रास्ते से आगे बढ़ने संबंधी हमारी चेतावनियों तथा निर्देशों की अनदेखी की।

ये भी पढे़ं- US-Iran War News: ईरान-अमेरिका युद्ध फिर भड़का! IRGC ने होर्मुज स्ट्रेट को किया बंद, अमेरिकी सेना ने शुरू किया घातक हमला

रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि इनमें से एक जहाज चेतावनी के तौर पर चलाई गई गोली की चपेट में आ गया और उसे रोक दिया गया। ईरान ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अगली सूचना तक बंद रहेगा। उसने यह भी कहा कि यदि उस पर और हमले किए गए तो वह क्षेत्र में दुश्मन के अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने पर विचार करेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।