Israel-Hamas War: ईरान के बाद इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध भी फिलहाल समाप्त हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इजरायल गाजा में 60 दिन के सीजफायर (युद्ध विराम) पर सहमत हो गया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान हम युद्ध को समाप्त करने के लिए सभी पक्षों के साथ काम करेंगे। ट्रंप ने हमास को चेतावनी दी है कि वह हालात बिगड़ने से पहले युद्ध विराम के समझौते को स्वीकार कर ले। यह सीजफायर गाजा में वर्षों से चले आ रहे खूनी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमास से सीजफायर समझौते को स्वीकार करने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें मध्य पूर्व के लिए सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इजरायल ने 60 दिन के सीजफायर को अंतिम रूप देने के लिए शर्तों पर सहमति जताई है।
ट्रंप ने इस घटनाक्रम की घोषणा तब की जब वह अगले सप्ताह व्हाइट हाउस में वार्ता के लिए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मेजबानी करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले ट्रंप इजरायल सरकार और हमास पर सीजफायर और बंधकों को रिहा करने के लिए दबाव बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने मंगलवार को ईरान समर्थित हमास आतंकियों से आग्रह किया कि वे गाजा में इजरायल के साथ 60 दिन के सीजफायर के लिए अंतिम प्रस्ताव पर सहमत हों। इसे कतर और मिस्र के मध्यस्थ अधिकारी पेश करेंगे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उनके प्रतिनिधियों ने गाजा के बारे में इजरायली अधिकारियों के साथ लंबी बैठक की।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "आज मेरे प्रतिनिधियों ने गाजा पर इजरायलियों के साथ एक लंबी और उत्पादक बैठक की। इजरायल ने 60 दिन के युद्ध विराम को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक शर्तों पर सहमति व्यक्त की है, जिसके दौरान हम युद्ध को समाप्त करने के लिए सभी पक्षों के साथ काम करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "कतर और मिस्र के लोग, जिन्होंने शांति लाने में बहुत मेहनत की है, इस अंतिम प्रस्ताव को पेश करेंगे।" ट्रंप ने आगे लिखा, "मुझे उम्मीद है कि मध्य पूर्व की भलाई के लिए हमास इस समझौते को स्वीकार करेगा, क्योंकि यही बेहतर होगा। नहीं तो यह (गाजा) केवल बदतर होता जाएगा।"
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजरायल और हमास युद्ध में फिलिस्तीनी क्षेत्र में 56,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि हमास काफी कमजोर हो गया है क्योंकि लगभग 21 महीने के संघर्ष के दौरान इसकी क्षमताएं कम हो गई हैं। इजरायल के सामरिक मामलों के मंत्री रॉन डर्मर मंगलवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संभावित गाजा युद्ध विराम, ईरान और अन्य मामलों पर चर्चा करने के लिए वाशिंगटन में थे।