Israel Iran Attack : ईरान की राजधानी तेहरान पर हमले के बाद इजरायल-ईरान (Israel Iran Tension) के बीच जंग जारी है। वहीं इन हमलों के जवाब में ईरान ने भी मध्य पूर्व में स्थित अमेरिका के 7 सैन्य अड्डों पर बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। वहीं न्यूज18 को मिली नई सैटेलाइट तस्वीरों में दावा किया गया है कि इजरायल और अमेरिका द्वारा संयुक्त रूप से किए गए सैन्य हमलों के बाद तेहरान में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के आवास को भारी नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना तेहरान और यरुशलम के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव में एक बड़े और अहम मोड़ के रूप में देखी जा रही है।
वहीं ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिणी ईरान के होर्मोज़गान प्रांत के मिनाब शहर में एक लड़कियों के स्कूल पर अमेरिका-इजरायल के हवाई हमले के बाद 51 छात्राओं की मौत हो गई है।
इजरायली अधिकारियों ने इन हमलों को संभावित खतरों को रोकने के लिए की गई पहले से तय सैन्य कार्रवाई बताया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलों के दौरान ईरान में कई स्थानों को निशाना बनाया गया, जिनमें सैन्य ठिकानों के साथ-साथ राजधानी तेहरान के केंद्रीय इलाकों की महत्वपूर्ण जगहें भी शामिल थीं। बताया जा रहा है कि अयातुल्ला अली खामेनेई के परिसर के आसपास भी जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद तेहरान के डाउनटाउन इलाके में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में तेहरान के पाश्चर जिले के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा हुआ दिखाया गया है। इसी इलाके में खामेनेई का आधिकारिक आवास, जिसे “लीडरशिप हाउस” कहा जाता है, स्थित है। राजधानी के स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने लगातार कई धमाकों की आवाजें सुनीं और हमलों के बाद इलाके में धुआं फैलता हुआ देखा गया।
हमले में 40 छात्रों की मौत
दक्षिणी ईरान के स्कूल पर इजरायली हमले में मरने वालों का संख्या 40 हो गई है जबकि 60 घायल हैं। देश की सरकारी मीडिया IRNA के मुताबिक, इजरायल का सुबह के समय स्कूल पर “सीधा हमला हुआ। हमला के समय स्कूल में 170 छात्र थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इज़राइल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से एक गर्ल्स स्कूल को निशाना बनाया। यह हमला ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है। यह स्कूल होर्मोज़गान प्रांत के मिनाब शहर में स्थित है। इस इलाके में ईरान की पैरामिलिट्री फोर्स रिवोल्यूशनरी गार्ड का एक सैन्य बेस भी मौजूद है। हमले के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में घटनास्थल पर भारी मलबा और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।