Israel-Iran War: इजरायल ने ईरान पर किया हमला! राजधानी तेहरान में जबरदस्त धमाका, IRGC चीफ हुसैन सलामी की मौत
Israel-Iran War News: मध्य पूर्व एक बड़े पैमाने पर संघर्ष के मुहाने पर खड़ा है। इजरायल ने ईरान के प्रमुख सैन्य और परमाणु ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं। इजरायल रक्षा बलों (IDF) ने पुष्टि की है कि उनके ऑपरेशन का पहला चरण पूरा हो गया है। दर्जनों इजरायली वायु सेना के जेट विमानों ने ईरान में कई स्थानों पर हमला किया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने कहा कि इजरायल को ‘कड़ी सजा दी जाएगी
Israel-Iran War News: इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। राजधानी तेहरान में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं
Israel Airstrikes on Iran: मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के बीच इजरायल ने शुक्रवार (13) को ईरान पर अचानक से हमला कर दिया। इजरायल ने दर्जनों ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, जिनमें परमाणु ठिकाने भी शामिल हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस ऑपरेशन को 'राइजिंग लायन' नाम देते हुए कहा कि यह कई दिनों तक जारी रहेगा, क्योंकि यहूदी राष्ट्र तेहरान की ओर से परमाणु खतरे को कम करने का प्रयास कर रहा है। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान पर हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक उसकी तरफ से इजरायल के अस्तित्व को जो खतरा है वह खत्म नहीं हो जाता।
ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के उद्देश्य से इजरायल ने 'ऑपरेशन राइजिंग लॉयन' शुरू करने की घोषणा की है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार (13 जून) को दावा किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रमों से जुड़े ठिकानों और अन्य सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया है। जवाबी हमले की आशंका को देखते हुए इजरायल में आपातकाल भी लागू कर दिया गया है।
नेतन्याहू ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश में कहा, "कुछ ही समय पहले इजरायल ने 'ऑपरेशन राइजिंग लॉयन' शुरू किया है। यह इजरायल के अस्तित्व के लिए ईरानी खतरे को खत्म करने के वास्ते एक टारगेटेड सैन्य अभियान है। खतरे के समाप्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा।"
इजराइल के प्रधानमंत्री ने दावा किया, "दशकों से तेहरान के तानाशाह खुलेआम इजरायल के विनाश की बातें करते रहे हैं। उन्होंने जनसंहार के अपने बयानों के साथ ही परमाणु हथियार विकसित करने का कार्यक्रम भी संचालित किया। ईरान ने 9 परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त यूरेनियम का हाल के वर्षों में उत्पादन किया है।"
नेतन्याहू ने कहा, "हाल के महीनों में ईरान ने ऐसे कदम उठाए हैं जो उसने पहले कभी नहीं उठाए। जैसे यूरेनियम से हथियार बनाने का कदम, और अगर इसे नहीं रोका गया तो ईरान बहुत कम समय में परमाणु हथियार बना सकता है। यह एक साल में हो सकता है, यह कुछ महीनों में हो सकता है, या फिर एक साल से भी कम समय में हो सकता है। यह इजरायल के अस्तित्व के लिए एक स्पष्ट खतरा है।"
नेतन्याहू ने कहा कि उनका देश ईरानी शासन के परमाणु जनसंहार का शिकार नहीं बनेगा। इजरायल ने पूरे देश में विशेष आपातकाल की घोषणा कर दी है। ईरान की राजधानी तेहरान के उत्तर-पूर्व में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। सोशल मीडिया पर आसमान में धुएं के गुबार को दिखाते हुए वीडियो सामने आए।
हुसैन सलामी की मौत
ईरानी राज्य मीडिया ने पुष्टि की है कि इजरायल के हमलों में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर जनरल हुसैन सलामी की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि ये हमले तेहरान और कई अन्य शहरों के आवासीय क्षेत्रों में हुए। सरकारी टीवी ने यह भी कहा कि परमाणु वैज्ञानिक फिरेदून अब्बासी-दावानी और मोहम्मद मेहदी तेहरानची भी हमलों में मारे गए। बयान में कहा गया कि आवासीय क्षेत्रों से कुछ हताहतों में बच्चे भी शामिल हैं।
इजरायल रक्षा बलों (IDF) ने पुष्टि की है कि उनके ऑपरेशन का पहला चरण पूरा हो गया है, जिसमें दर्जनों इजरायली वायु सेना के जेट विमानों ने ईरान में कई स्थानों पर हमला किया है। ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि राजधानी तेहरान के आवासीय क्षेत्रों पर हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक मारे गए हैं।
भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
इस बीच, ईरान पर इजराइयल द्वारा हमला किए जाने के बाद भारतीय दूतावास ने इजरायल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और गैर जरूरी यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। ईरान के खिलाफ इजरायल द्वारा 'ऑपरेशन राइजिंग लॉयन' शुरू करने की घोषणा के तुरंत बाद दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, "क्षेत्र में मौजूदा हालात के मद्देनजर इजरायल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है।" दूतावास ने सलाह दी, "कृपया सावधानी बरतें, देश के भीतर गैर जरूरी यात्रा से बचें और सुरक्षा स्थलों के नजदीक रहें।"
इजरायल में इमरजेंसी की घोषणा
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने ईरान की तरफ से जवाबी हमले की आशंका को देखते हुए पूरे इजरायल में आपातकाल भी लागू कर दिया गया है। आपातकाल की घोषणा करते हुए कात्ज ने कहा, "ईरान पर इजरायल के हमले के बाद हमारी आबादी पर मिसाइल या फिर ड्रोन हमले की आशंका है। ऐसे में आवश्यक क्षेत्रों को छोड़कर, शैक्षणिक गतिविधियों, समारोहों और कार्यस्थलों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।"
ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी 'नूर न्यूज' के मुताबिक, तेहरान के उत्तर पूर्वी इलाके में विस्फोटों की आवाजें सुनी गई है। इजरायल के हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने कहा कि इजरायल को कड़ी सजा दी जाएगी। माना जा रहा है कि ईरान पूरी दुनिया को हमले का सबूत दिखाने के बाद इजरायल पर पलटवार करना शुरू कर देगा।