इजरायल ने मंगलवार 25 मार्च को गाजा पर फिर से एयर स्ट्राइक कर दी। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 23 फिलिस्तीनी मारे गए, जबकि सेना ने हजारों निवासियों को इलाका छोड़ने का आदेश भी दिया है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि दो महीने के युद्ध विराम के टूटने के बाद एक हफ्ते पहले फिर से शुरू हुए इन नए हमलों में लगभग 700 लोग मारे गए हैं, जिनमें से ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं।
इस नए संघर्ष ने गाजा में मानवीय संकट को और गहरा कर दिया है, जहां लगभग 18 महीनों की लड़ाई के दौरान 23 लाख लोग बार-बार विस्थापित हुए हैं। इन लोगों को अब इस महीने की शुरुआत में इजरायल की ओर से मदद रोकने के बाद उन्हें खाने और पानी की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है।
मंगलवार को इजरायली सेना ने इजरायल को निशाना बनाकर किए जा रहे फिलिस्तीनी रॉकेट हमलों का हवाला देते हुए सभी उत्तरी सीमावर्ती शहरों के निवासियों को खाली करने का आदेश दिया।
ये आदेश गाजा शहर के जबालिया, बेत लाहिया, बेत हनून और शेजैया के साथ-साथ दक्षिण में खान यूनिस और राफा के इलाकों को भी कवर करते हैं।
सेना ने जाबालिया निवासियों को दिए गए निर्देशों में कहा, "अपनी सुरक्षा के लिए, आपको तुरंत दक्षिण की ओर चले जाना चाहिए और शेल्टर में चले जाना चाहिए।" यह शरणार्थी शिविर गाजा में सबसे बड़ा है और चल रही लड़ाई से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हालांकि, फिलिस्तीनी और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों का मानना है कि गाजा पट्टी का कोई भी इलाका पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि घातक सैन्य ऑपरेशन का मकसद हमास पर गाजा में अभी भी बंधक बनाए गए बाकी 59 लोगों को रिहा करने के लिए दबाव डालना है, जिनमें से लगभग 24 के जिंदा होने की संभावना है।
हमास ने इजरायल पर 19 जनवरी को हुए युद्धविराम समझौते से पीछे हटने का आरोप लगाया है। उसने ने कहा कि वह शांति बहाल करने और तीन-चरणीय युद्धविराम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए कतर, मिस्र और अमेरिका के नेतृत्व में नए मध्यस्थता कोशिशों में शामिल है। हालांकि, हमास के कुछ सूत्रों ने संकेत दिया कि कोई सफलता नहीं मिली है।
हमास ने अचानक 7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर बड़ा ही घातक हमला किया, जिसके बाद ये सब उपजा है। इस हमले में इजरायली आंकड़ों के अनुसार 1,200 लोग मारे गए और लगभग 250 बंधक बनाए गए। स्थानीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, जवाब में, इजरायल ने गाजा पर सैन्य हमला किया, जिसमें तब से 50,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं।