'अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दो, मेरी पर नहीं', मेलोनी ने ट्रंप को दे दिया ये जवाब

जॉर्जिया मेलोनी ने डोनाल्ड ट्रंप के आरोपों का कड़े शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के सहयोगी देशों पर इस तरह बार-बार और बिना किसी ठोस वजह के निशाना साधना सही नहीं है। मेलोनी ने ईरान को लेकर अमेरिका के सैन्य अभियान में शामिल न होने के अपने फैसले का भी बचाव किया

अपडेटेड Jun 20, 2026 पर 10:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने दावा किया था कि जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने कई बार उनके साथ तस्वीर खिंचवाने की इच्छा जताई थी। इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। मेलोनी ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी और ट्रंप की दोस्ती से इटली में उनकी लोकप्रियता पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। उन्होंने ट्रंप की टिप्पणियों को गलत बताया।

मेलोनी ने ट्रंप को दिया जवाब

विवाद बढ़ने के बाद ट्रंप ने फिर दावा किया कि जी-7 सम्मेलन में मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए बार-बार अनुरोध किया था। ट्रंप का यह भी कहना था कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई का समर्थन नहीं करने के बाद मेलोनी अपनी कथित गिरती लोकप्रियता को सुधारने के लिए अमेरिका और वॉशिंगटन के साथ रिश्ते बेहतर बनाने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि, मेलोनी ने ट्रंप के इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।


कही ये बात

जॉर्जिया मेलोनी ने डोनाल्ड ट्रंप के आरोपों का कड़े शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के सहयोगी देशों पर इस तरह बार-बार और बिना किसी ठोस वजह के निशाना साधना सही नहीं है। मेलोनी ने ईरान को लेकर अमेरिका के सैन्य अभियान में शामिल न होने के अपने फैसले का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि इटली ने जो फैसला लिया, वह देश के हितों और अपनी नीति के अनुसार लिया गया था। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक मैसेज में मेलोनी ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप, आपके ये लगातार और बेवजह के हमले समझ से परे हैं। जहां तक मेरी लोकप्रियता का सवाल है, तो आपकी दोस्त होने से मुझे कोई फायदा नहीं मिला है। मेरी लोकप्रियता और राजनीतिक स्थिति आपके साथ रिश्तों पर निर्भर नहीं करती।"

बढ़ा विवाद

मेलोनी ने अपने बयान में आगे कहा कि उनकी लोकप्रियता इस बात पर निर्भर करती है कि वह इटली के हितों की कितनी अच्छी तरह रक्षा करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनका हमेशा यही प्रयास रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने अमेरिकी सैन्य ठिकानों का जिक्र करते हुए कहा कि इटली में मौजूद अमेरिकी ठिकानों के इस्तेमाल के लिए पहले से तय नियम और समझौते हैं। इटली ने हमेशा इन नियमों का पालन किया है और उनकी सरकार भी ऐसा ही करती रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि जब तक वह प्रधानमंत्री हैं, किसी भी तय नियम का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा।

मेलोनी ने कहा, "इटली एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है, इसलिए हमारे फैसले देश के हितों को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।" उन्होंने ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा, "मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं है। बेहतर होगा कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।