US Iran Conflict: अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने मंगलवार को ईरान के पांच कच्चे तेल ले जाने वाले टैंकरों को नष्ट कर दिया है। अमेरिकी सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई तब की गई, जब ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दो बार एक अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया था।
अमेरिकी सेना ने बताया कि, अमेरिकी युद्धपोत दोनों मिसाइल हमलों से बच गया और इस दौरान किसी भी अमेरिकी सैनिक की मौत नहीं हुई। उसने कहा कि ईरान के हालिया “नाकाम मिसाइल हमलों” के जवाब में इन तेल टैंकरों पर हमला किया गया।
US सेंट्रल कमांड के एक बयान में कहा, "अमेरिकी युद्धपोत ने ईरान के हमले की कोशिशों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया और क्षेत्रीय समुद्री इलाकों में अपनी गश्त जारी रखी। इसमें किसी भी अमेरिकी कर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।"
CENTCOM के अनुसार, इन पांच तेल टैंकरों के नाम M/T Kaviz, M/T Charminar, M/T Horizon 1, M/T Riesco और M/T Derya हैं। इनमें से चार पर ओमान की खाड़ी में हमला किया गया, जबकि Derya को खार्ग द्वीप के पास निशाना बनाया गया।
हमले से पहले चेतावनी दी गई
CENTCOM ने यह भी कहा कि जहाजों पर हमला करने और उन्हें "बेकार" करने से पहले उनके क्रू को जहाज छोड़ने का आदेश दिया गया था।
CENTCOM ने कहा कि ईरान इन टैंकरों का इस्तेमाल एक "अरबों डॉलर के गुप्त नेटवर्क" के हिस्से के तौर पर कर रहा था, जो IRGC और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों को फंड देता है।
बयान में कहा गया, "ईरान ने इन टैंकरों का इस्तेमाल अरबों डॉलर के शैडो नेटवर्क के हिस्से के तौर पर किया है, जो IRGC और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों को फंड देता है। ईरान के पास इन जहाजों की सुरक्षा का कोई साधन नहीं है।"
ईरान ने दो टैंकरों पर हमले की जानकारी दी
हालांकि, ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया है कि हालिया अमेरिकी हमलों में ईरान के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया - एक जास्क के पास और दूसरा खार्ग द्वीप के पास।
ईरानी मीडिया के अनुसार, जास्क के पास मौजूद टैंकर में धमाके के बाद उसके क्रू (चालक दल) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जबकि खार्ग द्वीप के पास हुए पहले हमले में भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
वहीं, अमेरिकी हमलों के कुछ ही समय बाद ईरान ने बदले की कार्रवाई की धमकी दी। ईरान ने कहा कि वह कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के पास मौजूद तेल टैंकरों को निशाना बना सकता है।
IRGC ने तेल टैंकरों के चालक दल को चेतावनी दी
IRGC ने कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के आसपास मौजूद तेल टैंकरों के चालक दल को जहाज छोड़ने की चेतावनी दी। यह चेतावनी उन टैंकरों के लिए भी थी जो समुद्र में लंगर डालकर खड़े थे और उन जहाजों के लिए भी जो बंदरगाह पर खड़े थे।
ईरानी सरकारी मीडिया में छपे एक बयान में IRGC ने कहा, "हम कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों पर मौजूद सभी तेल टैंकरों को चेतावनी देते हैं — जो इन आतंकवादियों को पनाह देते हैं और उनकी बुरी हरकतों में साझीदार हैं — चाहे वे लंगर डाले हुए हों या डॉक पर खड़े हों; वे अपने जहाज़ छोड़ दें क्योंकि उन्हें निशाना बनाया जाएगा।"