ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मजु अमेरिका, इजरायल और इनके सहयोगी देशों के लिए बंद कर दिया है। इसका ऐलान ईरान की सेना ने 27 मार्च को किया। ईरान की सेना आईआरजीसी ने यह भी कहा है कि होर्मुज के रास्ते गुजरने की कोशिश कर रहे तीन जहाजों को उसने वापस लौटा दिया है। आईआरजीसी ने कहा है कि इस रास्ते से उन जहाजों के आने और जाने पर रोक लगा दी गई है, जो अमेरिका-इजरायल और उनके सहयोगी देशों के हैं।
अमेरिका-इजरायल के जहाज किसी कॉरिडोर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे
IRGC ने सेपेह न्यूज वेबसाइट पर कहा है, "आज सुबह भ्रष्ट अमेरिकी राष्ट्रपति के उस झूठ के बाद जिसमें उन्होंने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोल दिया गया है, तीन अलग-अलग देशों के जहाजों को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया गया...आईआरजीसी नेवी की चेतावानी के बाद ऐसा हुआ।" ईरान की सेना ने यह भी कहा है कि अमेरिका-इजरायल और सहयोगी देशों के किसी जहाज को किसी डेस्टिनेशन के लिए आने और जाने के लिए किसी कॉरिडोर का इस्तेमाल नहीं करने दिया जाएगा।
दो जहाज एक महीने से गल्फ में फंसे हैं
एनर्जी मार्केट इंटेलिजेंस फर्म Kpler ने 27 मार्च को कहा कि उसने ऐसे दो कनटेनर शिप की पहचान की है, जो चीन की कंपनी COSCO के हैं। इन जहाजों ने होर्मुज की खाड़ी से गुजरने की कोशिश की। लेकिन उन्हें वापस लौटा दिया गया। उसने कहा है कि दो जहाज गल्फ में तब से फंसे हैं, जब से यह लड़ाई चल रही है। इस लड़ाई की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी। पहले अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले किए। जवाब में ईरान ने इजरायल पर हमले किए। तब से दोनों पक्षों के बीच हमले और जवाबी हमलों का सिलसिला जारी है।
ट्रंप ने 27 मार्च को किया था यह दावा
Kpler के एक एनालिस्ट ने कहा कि लड़ाई शुरू होने के बाद से यह किसी बड़े जहाज का होर्मुज से गुजरने की यह पहली कोशिश थी। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 26 मार्च को कहा था कि ईरान ने 'तोहफे' के रूप में 10 ऑयल टैंकर्स को होर्मुज से गुजरने की इजाजत दी है। इससे यह संकेत मिलता है कि वह लड़ाई खत्म करने की चल रही बातचीत को लेकर गंभीर है।
आम लोगों को अमेरिकी सेना वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह
IRGC ने 27 मार्च को ही पूरे मध्यपूर्व में आम लोगों को अमेरिकी सेना वाले इलाकों से दूर रहने को कहा। उसने ऐसा तब किया, जब ट्रंप ने यह दावा किया कि एक महीने से चल रही लड़ाई को खत्म करने के लिए अच्छी बातचीत चल रही है। यह भी ध्यान में रखने वाली बात है कि आईआरजीसी ने होर्मुज को तब बंद करने का ऐलान जब ट्रंप ने होर्मुज ओपन करने के लिए ईरान को दी गई समयसीमा बढ़ाकर 6 अप्रैल कर दी।