PM Modi Indonesia Visit: जकार्ता में दिखा मोदी मैजिक! घुड़सवार गार्ड्स की अगवानी, राष्ट्रपति प्रबोवो ने किया शाही स्वागत

PM Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भव्य और शाही औपचारिक स्वागत किया गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद आगे बढ़कर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को बेहद गर्मजोशी से गले लगाया।

अपडेटेड Jul 07, 2026 पर 11:13 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जकार्ता में पीएम मोदी का किया गया शाही स्वागत

PM Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भव्य और शाही औपचारिक स्वागत किया गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद आगे बढ़कर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को बेहद गर्मजोशी से गले लगाया। पीएम मोदी के आधिकारिक इंडोनेशिया दौरे की शुरुआत के दौरान जकार्ता में घुड़सवार गार्ड्स, एक औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर देखने को मिला। इसके अलावा पीएम मोदी के स्वागत के लिए लोगों की भीड़ भी काफी उत्साहित दिखी।

तीन देशों के अपने राजनयिक दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे पीएम मोदी के लिए वहां शानदार अगवानी की गई। इसमें घुड़सवार गार्ड्स से लेकर पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति तक शामिल रही।


रक्षा, व्यापार और तकनीक पर होगी व्यापक द्विपक्षीय बातचीत

शाही स्वागत के बाद दोनों शीर्ष नेताओं के बीच बाद में एक व्यापक द्विपक्षीय वार्ता होने का कार्यक्रम है। इस बैठक में भारत और इंडोनेशिया के बीच के संबंधों के पूरे स्पेक्ट्रम की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही दोनों नेता कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा और व्यापार, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, स्वास्थ्य सेवा, उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे अहम मुद्दे पर द्विपक्षीय बातचीत होगी। हाल के वर्षों में नियमित उच्च-स्तरीय दौरों, संयुक्त सैन्य अभ्यासों, रक्षा उद्योग सहयोग और बेहतर समुद्री समन्वय के माध्यम से नई दिल्ली और जकार्ता के बीच सुरक्षा संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। मंगलवार को होने वाली इस चर्चा में रक्षा और समुद्री सहयोग का मुद्दा प्रमुखता से छाए रहने की उम्मीद है।

महासागर (MAHASAGAR) विजन और हिंद-प्रशांत पर जोर

दोनों देशों के बीच होने वाली यह बातचीत भारत के महासागर (MAHASAGAR - Mutual and Holistic Advancement for Security Across the Regions) विजन के तहत सहयोग को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। इस विजन का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। अपने इस दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा था कि पूर्वी और दक्षिणी हिंद महासागर में स्थित क्रमशः इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया और उसके बाद न्यूजीलैंड की मेरी यह यात्रा भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी', 'महासागर' विजन के साथ-साथ एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के प्रति हमारे दृष्टिकोण को और मजबूत करेगी।

फाइटर जेट्स ने दी एस्कॉर्ट, चौथी बार इंडोनेशिया पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ही अपने इस तीन दिवसीय (6 से 8 जुलाई) दौरे के पहले पड़ाव पर इंडोनेशिया पहुंचे थे। जैसे ही पीएम मोदी के विमान ने इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया, इंडोनेशियाई सेना के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। इसके बाद राष्ट्रपति प्रबोवो ने उनका औपचारिक स्वागत किया और वहां एक पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति से उनका अभिनंदन किया गया। राष्ट्रपति प्रबोवो के निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी की यह चौथी इंडोनेशिया यात्रा है। साल 2018 में दोनों देशों के बीच संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदले जाने के बाद से यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

आर्थिक संबंध और क्रिटिकल मिनरल्स पर रहेगा खास फोकस

इस दौरे के दौरान आर्थिक सहयोग पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। इंडोनेशिया, आसियान क्षेत्र में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। वित्तीय वर्ष 2026 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 24.78 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। वर्तमान में इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और प्रौद्योगिकी (टेक्नोलॉजी) जैसे क्षेत्रों में पूरे इंडोनेशिया में 130 से अधिक भारतीय कंपनियों ने निवेश किया हुआ है। महत्वपूर्ण खनिज भी चर्चा का एक प्रमुख क्षेत्र होने की संभावना है। दरअसल इंडोनेशिया के पास दुनिया के निकेल भंडार का लगभग 21% हिस्सा है और यह बॉक्साइट, तांबा (कॉपर) और टिन के प्रमुख वैश्विक उत्पादकों में से एक है। ऐसे में भारत की सप्लाय चेन रेजिलिएंस और स्वच्छ ऊर्जा की आकांक्षाओं के लिए इंडोनेशिया एक बेहद महत्वपूर्ण भागीदार है।

भारतीय प्रवासियों से मुलाकात और प्रंबानन मंदिर का दौरा

जकार्ता में अपने आधिकारिक कार्यक्रमों के अलावा पीएम मोदी वहां मौजूद भारतीय समुदाय (भारतीय प्रवासियों) के लोगों से भी बातचीत करेंगे। इसके साथ ही वह राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल प्रंबानन मंदिर परिसर भी जाएंगे। पीएम मोदी ने पहले इस ऐतिहासिक मंदिर परिसर को भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरे सिविलाइजेशनल लिंक का प्रतीक बताया था। इंडोनेशिया में अपने इन तमाम कार्यक्रमों और मुलाकातों को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस मौजूदा राजनयिक दौरे के अगले चरणों के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये देने वाली सरकारी स्कीम के लिए आया नया अपडेट, पोर्टल तैयार और अब होगा ये काम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।