अमेरिकी सैन्य बेस के ऊपर मंडराते दिखे रहस्यमयी ड्रोन, निशाने पर विदेश मंत्री रूबियो और रक्षा मंत्री हेगसेथ!

MacDill Air Force Base: सूत्रों के हवाले से खबर है कि पिछले 10 दिनों के भीतर एक ही रात में फोर्ट मैकनेयर के ऊपर कई रहस्यमयी ड्रोन देखे गए। इन ड्रोन्स की मौजूदगी के बाद ह्वाइट हाउस में एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई ताकि यह तय किया जा सके कि इस खतरे से कैसे निपटा जाए

अपडेटेड Mar 19, 2026 पर 10:58 AM
Story continues below Advertisement
पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए फिलहाल इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार किया है

Mysterious Drones: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन स्थित एक प्रमुख सैन्य बेस 'फोर्ट लेस्ली जे. मैकनेयर' के ऊपर अज्ञात ड्रोन्स देखे जाने से हड़कंप मच गया है। 'द वाशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला इसलिए बेहद गंभीर है क्योंकि इसी बेस पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ रहते हैं। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए फिलहाल इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार किया है।

आधी रात को मंडराते दिखे कई ड्रोन

सूत्रों के हवाले से खबर है कि पिछले 10 दिनों के भीतर एक ही रात में फोर्ट मैकनेयर के ऊपर कई रहस्यमयी ड्रोन देखे गए। इन ड्रोन्स की मौजूदगी के बाद ह्वाइट हाउस में एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई ताकि यह तय किया जा सके कि इस खतरे से कैसे निपटा जाए। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात पर विचार कर रही हैं कि क्या मार्को रूबियो और पीट हेगसेथ को किसी और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाए।


सैन्य बेसों पर लॉकडाउन के साथ अलर्ट जारी

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ठिकानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी हफ्ते फ्लोरिडा स्थित अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुख्यालय मैकडिल एयर फोर्स बेस को दो बार लॉकडाउन करना पड़ा। सोमवार को वहां एक संदिग्ध पैकेट मिला था, जिसकी जांच FBI कर रही है। इसी बाबत अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दुनिया भर में अपने सभी राजनयिक ठिकानों को 'तत्काल' सुरक्षा मूल्यांकन करने का आदेश दिया है।

फोर्ट मैकनेयर ही क्यों है निशाने पर?

फोर्ट मैकनेयर वाशिंगटन में ह्वाइट हाउस और कैपिटल हिल के काफी करीब स्थित है। यहां नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी है और पेंटागन के कई वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं।आमतौर पर यहां राजनेता नहीं रहते, लेकिन ट्रंप प्रशासन के कई मंत्रियों जैसे- क्रिस्टी नोएम ने सुरक्षा चिंताओं के चलते सैन्य बेस पर रहना शुरू किया है।

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ये ड्रोन ईरान समर्थित समूहों के हो सकते हैं। बता दें कि 2020 में जनरल कासिम सुलेमानी की मौत के बाद से ही ईरान अमेरिकी शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाने की धमकी देता रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।