Balen Shah: संसद में भी अपने ट्रेडमार्क स्टाइल में दिखेंगे नेपाल के PM! काला चश्मा पहनने की मिली इजाजत, जानें वजह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को संसद के अंदर अपना काला चश्मा पहनने की अनुमति मिल गई है। बालेन शाह ने हाल ही में तेज रोशनी में देखने में परेशानी की शिकायत के बाद काठमांडू में आंखों की जांच कराई थी। उनकी मेडिकल रिपोर्ट में तेज रोशनी में परेशानी के कारण सनग्लास पहनने की सलाह दी गई

अपडेटेड Aug 26, 2026 पर 1:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रधानमंत्री को मेडिकल जरूरत के कारण सनग्लास पहनने की सलाह दी गई है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का काला चश्मा उनकी पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है। वहीं हाल ही में नेपाली संसद के स्पीकर ने संसद के अंदर पीएम के काला चश्मा पहनने पर आपत्ति जताई थी। वहीं अब नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को संसद के अंदर अपना काला चश्मा पहनने की अनुमति मिल गई है। मेडिकल कारणों की वजह से नेपाल के प्रधानमंत्री को चश्मा पहनने की अनुमति मिली है। उनकी मेडिकल रिपोर्ट में तेज रोशनी में परेशानी के कारण सनग्लास पहनने की सलाह दी गई है।

36 साल के बालेन शाह का काला चश्मा उनकी पब्लिक इमेज का खास हिस्सा बन चुका है। प्रधानमंत्री बनने के बाद से लेकर चुनावी कार्यक्रमों और सरकारी आयोजनों तक, वह अक्सर इसी चश्मे में नजर आए हैं। लोगों के बीच भी उनका यह अलग अंदाज काफी चर्चा में रहता है।

पीएम ने करवाई थी आंखों की जांच


बालेन शाह ने हाल ही में तेज रोशनी में देखने में परेशानी की शिकायत के बाद काठमांडू के बीरेंद्र मिलिट्री हॉस्पिटल में आंखों की जांच कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आंखों के डॉक्टर एसोसिएट प्रोफेसर लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. सचित ढकाल ने उन्हें जरूरत के अनुसार सनग्लास पहनने की सलाह दी। डॉक्टर ने जरूरत पड़ने पर आई ड्रॉप्स इस्तेमाल करने को भी कहा। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टर की सलाह फेडरल पार्लियामेंट सेक्रेटेरिएट को भेज दी। पार्लियामेंट सेक्रेटेरिएट के स्पोक्सपर्सन एकाराम गिरी ने बताया कि मिले डॉक्यूमेंट्स से साफ हुआ कि, बालेन शाह को मेडिकल कारणों से चश्मा पहनने की जरूरत है।

सनग्लास पहनने की दी गई इजाजत

वहीं, डिप्टी प्रवक्ता अनंत प्रसाद कोइराला ने कहा कि प्रधानमंत्री को मेडिकल जरूरत के कारण सनग्लास पहनने की सलाह दी गई है। अगर तेज रोशनी में इसकी जरूरत पड़ती है, तो उन्हें संसद के अंदर चश्मा पहनने की अनुमति रहेगी। बालेन शाह को मेडिकल रीजन की वजह से संसद की कार्यवाही के दौरान काला चश्मा पहनने की अनुमति मिल गई है।

कब आया था चर्चा में

नेपाल की संसद में काला चश्मा पहनने का मुद्दा इसी महीने चर्चा में आया था। स्पीकर डोल प्रसाद आर्यल ने पार्टी व्हिप को निर्देश दिया था कि सांसद सदन के अंदर काले सनग्लास न पहनें। उन्होंने कहा था कि इसे लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। संसद ने तय किया कि कार्यवाही के दौरान काला चश्मा पहनने की अनुमति नहीं होगी, लेकिन किसी सांसद के पास मेडिकल वजह होने पर उसे छूट दी जा सकती है। वहीं इसी वजह से पीएम को छूट मिली है।

सांसदों के सवालों का सीधे देंगे जवाब

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 26 अगस्त को संसद में सांसदों के सवालों का सीधे जवाब देंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली बार होगा, जब वह हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के इस तरह के सवाल-जवाब सत्र में शामिल होंगे। इस सत्र के लिए 11 सांसदों ने सवाल दर्ज कराए हैं। शाह की संसद में कम मौजूदगी को लेकर पहले सवाल उठ चुके हैं और स्पीकर ने भी उन्हें सदन में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। अब 26 अगस्त को सांसदों के सवालों का जवाब देते समय उनकी बातों के साथ-साथ उनके इस खास अंदाज पर भी लोगों की नजर रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।