पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान को अब सपने में भारत के हमले का डर सता रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (29 अप्रैल 2025) को इधर तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ मीटिंग की थी। उधर इसका सीधा असर पाकिस्तान में देखने को मिला। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने आधी रात को एक बयान दे डाला। तरार ने दावा दावा किया कि हमारे पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत अगले 24-36 घंटे में पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने देर रात करीब 1.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि भारत उस पर हमला करने वाला है। ये बयान उस समय आया है, जब पीएम मोदी ने मंगलवार को आतंक के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए सेनाओं को खुली छूट दे दी है। ताकि पहलगाम हमले के गुनहगारों और उनके मददगारों को सज़ा दी जा सके। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी।
तरार ने कहा कि भारत निष्पक्ष जांच से बच रहा है। इसके साथ ही टकराव का रास्ता चुन रहा है। तरार ने आगे कहा कि पाकिस्तान ने विश्वसनीय, पारदर्शी और स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच की पेशकश की थी। जिसे नई दिल्ली ने नजर अंदाज कर दिया है। पाकिस्तान ने रटा रटाया जवाब देते हुए कहा कि वो खुद आतंकवाद से पीड़ित है। वो इस दर्द को अच्छी तरह से समझ सकता है। तरार ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि भारत की किसी भी आक्रामकता का निर्णायक और कड़ा जवाब दिया जाएगा। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने भी रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि हम हाई अलर्ट पर हैं। अगर भारत हमला करता है तो हम उसका जवाब देंगे।
पीएम मोदी ने आर्मी को दी खुली छूट
बता दें कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बयान में साफ तौर पर कहा है कि हमारे सशस्त्र बल आतंकवादियों को जड़ से उखाड़ने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं। इससे पहले भारत ने कई बड़े फैसले लिए थे। जिससे पड़ोसी मुल्क में हड़कंप मच गया है। पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर दिया है। पाकिस्तान अधिकारियों को भारत छोड़ने का आदेश दे दिया गया है। इसके साथ ही वीजा रद्द कर दिए गए हैं। पाकिस्तान के जो नागरिक भारत में हैं, उन्हें वापस पाकिस्तान भेजा जा रहा है।