US-Iran War: अमेरिका-ईरान के बीच जंग और लुट गया पाकिस्तान, PAK पीएम ने रोया अपना दुखड़ा

US-Iran War : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने पाकिस्तान की आर्थिक प्रगति को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से दुनियाभर में ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। पहले पाकिस्तान का साप्ताहिक तेल बिल करीब 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर था, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 800 मिलियन डॉलर हो गया है

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 6:25 PM
Story continues below Advertisement
ईरान में जारी जंग से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर गहरी चोट लगी है।

अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत में भले ही पाकिस्तान अपने आप को पोस्टर बॉय बता रहा हो पर अंदर ही अंदर उसकी हालत फटे पोस्टर की तरह है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर गहरी चोट लगी है। इस स्थिति से निपटने और देश के आर्थिक हालत को संभालने के लिए पाकिस्तान सरकार खूब हाथ पैर मार रही है, पर हालात जस के तस हैं। इस बात का अंदाजा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के हालिया बयान से लगाया जा सकता है।

पाकिस्तान का हाल-बेहाल 

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने पाकिस्तान की आर्थिक प्रगति को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और पश्चिम एशिया में शांति लाने के लिए लगातार कोशिश करती रहेगी। उन्होंने बताया कि फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से दुनियाभर में ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। पहले पाकिस्तान का साप्ताहिक तेल बिल करीब 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर था, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 800 मिलियन डॉलर हो गया है।


पाक पीएम ने बनाया टास्क फोर्स 

कैबिनेट की बैठक में बोलते हुए शहबाज शरीफ ने कहा कि हालात पर नजर रखने के लिए एक टास्क फोर्स बनाई गई है, जो रोज स्थिति की समीक्षा कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इन मुश्किल हालात से निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है। कैबिनेट को जानकारी देते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कुछ प्रगति हुई है और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान लगातार कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस्लामाबाद ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में शुरू हुई थी और करीब 21 घंटे तक चली। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के बीच फिलहाल सीजफायर बना हुआ है।

सीजफायर को लेकर कही ये बात

शहबाज शरीफ ने बताया कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपनी टीम के साथ बातचीत के दूसरे दौर के लिए पाकिस्तान आए थे, जहां उनकी कई अहम बैठकें हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि रूस जाने से पहले उनकी अराघची से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान अराघची ने भरोसा दिलाया कि ओमान में हुई सभी बैठकें पूरी ईमानदारी से हुई हैं और अपने देश के नेतृत्व से चर्चा करने के बाद वे जल्द ही सकारात्मक जवाब देंगे। पाकिस्तान अब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के दूसरे दौर की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हाल ही में सप्ताहांत के दौरान 48 घंटों के अंदर पाकिस्तान के दो छोटे दौरे किए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा करने के लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात की। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इशाक डार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी ने क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।