Pak-Bangladesh Air Staff Talks: दक्षिण एशिया की राजनीति और रक्षा समीकरणों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका पहुंचा है। ऐतिहासिक रूप से तनावपूर्ण रिश्तों के बाद, यह पहली बार है जब दोनों देशों की वायुसेनाओं के बीच 'एयर स्टाफ टॉक्स' होने जा रही है। इस दौरे से संकेत मिल रहे हैं कि बांग्लादेश अब रक्षा जरूरतों के लिए पाकिस्तान के करीब जा रहा है।
पहली बार होगी 'एयर स्टाफ टॉक्स'
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान एयरफोर्स का यह 7 सदस्यीय डेलिगेशन बांग्लादेश एयरफोर्स (BAF) के साथ द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर चर्चा करेगा। इस बैठक का मुख्य फोकस हवाई सहयोग, ट्रेनिंग प्रोग्राम और तकनीकी विशेषज्ञता साझा करना है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान कई समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर होंगे, जिसके तहत बांग्लादेशी पायलटों और तकनीशियनों को पाकिस्तान में एडवांस ट्रेनिंग दी जाएगी।
JF-17 थंडर लड़ाकू विमानों पर टिकी नजरें
इस दौरे की सबसे बड़ी चर्चा JF-17 थंडर (JF-17 Thunder) फाइटर जेट्स को लेकर है। पाकिस्तान ने हाल ही में संकेत दिया था कि बांग्लादेश उसके द्वारा विकसित JF-17 थंडर विमानों को खरीदने में 'संभावित रुचि' दिखा रहा है।
JF-17 थंडर एक सिंगल-इंजन वाला हल्का लड़ाकू विमान है, जिसे चीन और पाकिस्तान ने मिलकर बनाया है। अगर यह डील होती है, तो यह दोनों देशों के बीच अब तक का सबसे बड़ा रक्षा समझौता होगा।
मोहम्मद यूनुस सरकार में बदल रही दोस्ती की तस्वीर
2024 में बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार बनने के बाद से ढाका और इस्लामाबाद के रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने लगी है। पिछली सरकार के दौरान 1971 के मुक्ति संग्राम के अपराधियों पर चले मुकदमों के कारण दोनों देशों के बीच भारी तनाव था। यूनुस सरकार के आने के बाद से न केवल व्यापार बल्कि सैन्य स्तर पर भी सहयोग बढ़ाने की कोशिशें तेज हो गई हैं, जो क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम हैं।
क्षेत्रीय सुरक्षा और भारत पर असर
भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश के साथ पाकिस्तान की बढ़ती सैन्य नजदीकी रणनीतिक विशेषज्ञों के लिए चिंता का विषय हो सकती है। अब तक बांग्लादेश अपनी रक्षा जरूरतों के लिए काफी हद तक चीन और भारत पर निर्भर रहा है, लेकिन पाकिस्तान के साथ 'ट्रेनिंग और जेट्स' की यह बातचीत एक नए सैन्य गठजोड़ की ओर इशारा कर रही है।