Imran Khan: 'जेल में इमरान खान की हत्या कराना चाहते हैं असीम मुनीर', बहन अलीमा का सनसनीखेज दावा

Imran Khan News: अलीमा खान ने मीडिया से बातचीत में अपनी और इमरान खान की हालिया मुलाकात का जिक्र किया। बता दें कि इमरान खान साल 2023 से सलाखों के पीछे हैं और उनके परिवार का कहना है कि अब उनकी सेहत के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है

अपडेटेड Feb 26, 2026 पर 12:55 PM
Story continues below Advertisement
अलीमा ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति जेल जाने से पहले 'पूरी तरह स्वस्थ' था, उसे अचानक मेडिकल दिक्कतें कैसे होने लगीं?

Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान ने एक ऐसा दावा किया है जिसने वहां की राजनीति में भूचाल ला दिया है। अलीमा ने आरोप लगाया है कि जेल में बंद इमरान खान की जान को गंभीर खतरा है और खुद पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर उनकी 'हत्या' कराना चाहते हैं। इमरान खान 2023 से सलाखों के पीछे हैं और उनके परिवार का कहना है कि अब उनकी सेहत के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।

'असीम मुनीर मुझे मार डालेंगे'

अलीमा खान ने मीडिया से बातचीत में अपनी और इमरान खान की हालिया मुलाकात का जिक्र किया। अलीमा के अनुसार, इमरान ने उनसे कहा, 'तुम्हें पता है, असीम मुनीर मुझे जेल में ही मार डालेंगे।' अलीमा ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने शुरू में इसे सार्वजनिक नहीं किया था, क्योंकि उनके पास कोई पुख्ता सबूत नहीं था। लेकिन अब बढ़ते खतरों को देखते हुए उन्होंने बोलना जरूरी समझा।


'स्लो पॉइजनिंग' का शक

इमरान खान की सेहत को लेकर भी परिवार काफी चिंतित है। अलीमा ने कई गंभीर आशंकाएं जताई हैं। अलीमा ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति जेल जाने से पहले 'पूरी तरह स्वस्थ' था, उसे अचानक मेडिकल दिक्कतें कैसे होने लगीं? उन्होंने दावा किया कि कुछ डॉक्टरों ने निजी तौर पर उन्हें बताया है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के सेहत बिगड़ने का एक कारण 'स्लो पॉइजनिंग' (धीमा जहर देना) हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसका कोई दस्तावेजी सबूत सामने नहीं आया है।

स्वतंत्र जांच की मांग

इमरान खान के परिवार और उनकी पार्टी PTI ने अब सरकार के सामने एक बड़ी मांग रखी है। अलीमा ने मांग की है कि इमरान खान की जांच किसी प्रतिष्ठित अस्पताल में स्वतंत्र विशेषज्ञों द्वारा की जाए। परिवार चाहता है कि जांच के दौरान इमरान के निजी डॉक्टर वहां मौजूद रहें ताकि सच्चाई सामने आ सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

सेना और इमरान के बीच पुरानी दुश्मनी

पाकिस्तान में इमरान खान और शक्तिशाली सैन्य प्रतिष्ठान के बीच रिश्ते 2022 में उनकी सत्ता जाने के बाद से लगातार खराब होते गए। इमरान खान का आरोप है कि उनके खिलाफ चल रहे सभी मामले राजनीति से प्रेरित हैं। अब सेना प्रमुख पर सीधे तौर पर हत्या की साजिश का आरोप लगने से पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।