Modi Meets Pezeshkian: मिडिल ईस्ट में मचे घमासान के बीच पीएम मोदी-पेजेशकियान की अहम बैठक, जानिए इसके क्या हैं मायने

PM Modi meets Iran President Pezeshkian: SCO शिखर सम्मेलन के दौरान बिश्केक में पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी भीषण सैन्य तनाव और संघर्ष के बीच दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है

अपडेटेड Aug 31, 2026 पर 3:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बिश्केक में आमने-सामने हुई इस मुलाकात में दोनों देशों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर वार्ता की

PM Modi Meets Iran President Pezeshkian: मिडिल ईस्ट में भयंकर तबाही का मंजर जारी है। आज सुबह ही अमेरिका ने ईरान में मिसाइल अटैक किया जिसके बाद तेहरान ने भी पलटवार किया। इसी बीच SCO शिखर सम्मेलन के दौरान बिश्केक में पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी भीषण सैन्य तनाव और संघर्ष के बीच दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, SCO सम्मेलन के इतर हुई इस बैठक में दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापार और मिडिल ईस्ट की ताजा स्थितियों पर गहन चर्चा हुई।

मिडिल ईस्ट संकट के बाद दोनों नेताओं की पहली प्रत्यक्ष मुलाकात


मार्च महीने में अमेरिका और इजरायली हमलों के बाद उपजे पूर्ण के हालातों के दौरान दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय राष्ट्रपति पेजेशकियान ने पीएम मोदी को ईरान की मौजूदा स्थिति और मिडिल ईस्ट के ताजा हालात की पूरी जानकारी दी थी। अब बिश्केक में आमने-सामने हुई इस मुलाकात में दोनों देशों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर अपने विचार साझा किए।

बिश्केक रवाना होने से पहले ईरानी राष्ट्रपति ने कड़ा संदेश देते हुए कहा था, 'ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी बाहरी हमले का जवाब पूरी ताकत और दृढ़ता के साथ देगा। इस क्षेत्र में अस्थिरता सभी देशों के लिए नुकसानदायक है और आर्थिक व सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी का एक साथ आना जरूरी है।'

ईरानी राष्ट्रपति का बड़ा बयान: 'SCO स्वतंत्र आवाजों का प्रतीक'

राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एससीओ शिखर सम्मेलन को वैश्विक राजनीति के लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब कुछ अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं दुनिया पर एकतरफा दबदबा बनाने की कोशिश कर रही हैं, एससीओ सम्मेलन वैश्विक मंच पर विविधता और स्वतंत्र आवाज़ों की मौजूदगी का सबसे बड़ा प्रतीक है।

उन्होंने क्षेत्र के हजारों साल पुराने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि शांति, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था हमेशा इस धरती से उपजी है और आज की दुनिया में इसे बढ़ावा देना सबकी साझा जिम्मेदारी है।

आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान से भी मिले पीएम मोदी

ईरान के राष्ट्रपति से मुलाकात से ठीक पहले पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान के साथ भी उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक की। दोनों देशों ने रक्षा, अर्थव्यवस्था, फार्मास्यूटिकल्स, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई। पीएम मोदी और पाशिनयान ने भी मिडिल ईस्ट के हालातों और वैश्विक सुरक्षा पर अपने विचार साझा किए।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन से होगी मुलाकात, वर्ल्ड नोमैड गेम्स में लेंगे हिस्सा

सोमवार को ही बिश्केक में पीएम मोदी की कई और अहम बैठकें प्रस्तावित हैं:

पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक: पीएम मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर बातचीत करेंगे।

वर्ल्ड नोमैड गेम्स: किर्गिज राष्ट्रपति सादिर जापारोव के विशेष निमंत्रण पर पीएम मोदी छठे 'वर्ल्ड नोमैड गेम्स' के भव्य उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे।

मंगलवार को 26वां SCO शिखर सम्मेलन

मंगलवार, 1 सितंबर को आयोजित होने वाला 26वां एससीओ शिखर सम्मेलन सदस्य देशों के प्रमुखों को एक मंच पर लाएगा। इस सम्मेलन में आतंकवाद, क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापारिक गलियारे और आर्थिक सहयोग जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श होगा। पीएम मोदी सम्मेलन से इतर अन्य वैश्विक नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय वार्ताएं जारी रखेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।