PoJK Anti-Pakistan Protests: पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में भयंकर तनाव जारी है। पाकिस्तानी सेना और वहां के शासन के खिलाफ भड़का जनाक्रोश अब एक नए और ऐतिहासिक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले 110 दिनों से लगातार जारी विरोध प्रदर्शन के बीच अब सीधे नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगी बाड़ को हटाने और भारत में विलय की मांग तेज हो गई है।
क्षेत्र के प्रमुख प्रदर्शनकारी नेता सरदार अमान खान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर अनिश्चितकालीन धरना देने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने मांग की है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा लगाई गई बाड़ को तुरंत हटाया जाए और पुंछ व मेंढर के रास्ते भारत के साथ ऐतिहासिक संपर्क और रास्तों को फिर से खोला जाए।
LoC से महज 7 किमी दूर मंडीहोल गांव से उठी क्रांति की आवाज
नियंत्रण रेखा से महज 7 किलोमीटर दूर स्थित मंडीहोल गांव में एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने सरदार अमान खान के इस आह्वान का पुरजोर समर्थन किया है।मंडीहोल गांव में जुटी भारी भीड़ ने 'LoC की बाड़ हटाओ और PoJK को भारत से जोड़ो' के नारे लगाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि LoC ने उनके परिवारों, संस्कृति और व्यापार को दशकों से काट रखा है। अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तानी सेना के इस कृत्रिम विभाजन को ध्वस्त कर पुंछ और मेंढर जैसे पारंपरिक रास्तों के जरिए फिर से पुराने रिश्ते बहाल किए जाएं।
110 दिनों से जारी है आंदोलन
7 जून से शुरू हुआ यह जनआंदोलन महंगाई, बिजली संकट और पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों के खिलाफ शुरू हुआ था, जो अब राजनैतिक अधिकार और भारत के साथ एकीकरण की मांग में बदल चुका है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भविष्यवाणी की गूंज
इस पूरे घटनाक्रम ने भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस चर्चित बयान को फिर से ताजा कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत को PoJK पर कब्जा करने के लिए बल प्रयोग की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि वहां के लोग खुद पाकिस्तान के अत्याचारों से तंग आकर भारत का हिस्सा बनने की मांग करेंगे।
सोशल मीडिया और राष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर PoJK के इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां लोग खुलेआम पाकिस्तान सेना के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं और भारत के साथ जुड़ने की बात कर रहे हैं।