पाकिस्तान के शेयर बाजार में तूफानी तेजी! एक दिन में 3000 अंकों का बंपर उछाल, इन दो वजहों से झूमा स्टॉक मार्केट

Pakistan Stock Exchange: इससे पिछले कारोबारी सत्र में इंडेक्स 164831 अंक पर बंद हुआ था। लगातार दूसरे दिन बाजार में आई इस तूफानी तेजी से निवेशकों की संपत्ति में अरबों रुपये का इजाफा हुआ है और मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 18.243 ट्रिलियन रुपये पर पहुंच गया है। केवल पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के शेयर बाजारों में तगड़ी रिकवरी दर्ज की गई

अपडेटेड May 21, 2026 पर 6:28 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज के KSE-100 इंडेक्स में बीते दो दिनों में बंपर उछाल देखने को मिला है

PSX Bull Run: अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले मजबूत संकेतों और वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज (PSX) में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निवेशकों के सुधरते सेंटिमेंट के दम पर पीएसएक्स का बेंचमार्क KSE-100 इंडेक्स करीब 2969 अंक (1.8%) की भारी बढ़त के साथ 167801 के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।

इससे पिछले कारोबारी सत्र में इंडेक्स 164831 अंक पर बंद हुआ था। लगातार दूसरे दिन बाजार में आई इस तूफानी तेजी से निवेशकों की संपत्ति में अरबों रुपये का इजाफा हुआ है और मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 18.243 ट्रिलियन रुपये पर पहुंच गया है।

क्यों आई पाकिस्तान शेयर बाजार में यह तूफानी तेजी?


बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, इस समय पीएसएक्स में आए इस बड़े उछाल के पीछे मुख्य रूप से ये दो वजहें हैं:

अमेरिका-ईरान के बीच शांति की उम्मीद: सोशल मीडिया और कूटनीतिक गलियारों में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के जरिए तनाव कम होने की खबरों ने निवेशकों का हौसला बढ़ाया है। स्ट्रेट ऑफ होमुर्ज से कुछ शिपिंग गतिविधियों के दोबारा शुरू होने की खबरों ने कच्चे तेल और एनर्जी सेक्टर को बड़ी राहत दी है।

ग्लोबल मार्केट और टेक शेयरों में रैली: ग्लोबल चिप मेकर कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों और सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने से पूरी दुनिया के टेक और एनर्जी शेयरों में तेजी आई। इसका सीधा फायदा पाकिस्तान जैसे इमर्जिंग मार्केट्स को मिला।

एशियाई बाजारों में भी रहा 'ग्रीन सिग्नल'

गुरुवार को केवल पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के शेयर बाजारों में तगड़ी रिकवरी दर्ज की गई:

MSCI एशिया-पैसिफिक इंडेक्स पिछले 4 दिनों की गिरावट को पीछे छोड़ते हुए 2.6% मजबूत हुआ।

साउथ कोरिया का KOSPI इंडेक्स 7 फीसदी से ज्यादा के ऐतिहासिक उछाल के साथ बंद हुआ।

ताइवान का मार्केट 3.5% और चीन के ब्लू-चिप शेयर करीब 1.1% की बढ़त बनाने में कामयाब रहे।

लगातार दूसरे दिन बाजार ने बनाया रिकॉर्ड

पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज में तेजी का यह सिलसिला बुधवार से ही जारी है। बुधवार को भी KSE-100 इंडेक्स 1,934.74 अंक (1.19%) चढ़कर 164,831.42 के स्तर पर बंद हुआ था। दो दिनों के भीतर इंडेक्स ने करीब 5,000 अंकों की छलांग लगाई है, जो स्थानीय बाजार में संस्थागत खरीदारों की भारी दिलचस्पी को दिखाता है।

ट्रेडिंग वॉल्यूम और मार्केट ब्रेथ की स्थिति

भले ही इंडेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया हो, लेकिन ट्रेडिंग एक्टिविटी में थोड़ा मिला-जुला रुख देखा गया:

शेयरों की संख्या: गुरुवार को रेडी मार्केट में 38.63 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ, जो पिछले सत्र के 39.19 करोड़ शेयरों से थोड़ा कम है।

ट्रेडेड वैल्यू: बाजार में कुल 20.125 अरब रुपये मूल्य के शेयरों का लेन-देन हुआ।

मार्केट का मिजाज: कुल 483 एक्टिव कंपनियों के शेयरों में से 302 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 141 में गिरावट रही और 40 कंपनियों के शेयरों के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।