पुतिन ने कर दिया ये बड़ा ऐलान, अब थम जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध! ट्रंप के साथ 'एंकरेज' में तय हुए फॉर्मूले पर बनी सहमति

Russia Ukraine Peace Deal: रूसी विदेश मंत्रालय के मुताबिक पुतिन ने कहा, 'हम निश्चित रूप से शांतिपूर्ण तरीकों से यूक्रेन के साथ एक समझौते पर पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार और इच्छुक हैं। रूस उन समझौतों को स्वीकार करने के लिए तैयार है, जिन पर हमने एंकरेज में डोनाल्ड ट्रंप के साथ चर्चा की थी

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 4:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुतिन ने यह शर्त भी रखी है कि अब यूक्रेन को भी इन शर्तों को स्वीकार करना होगा

Russia Ukraine Peace Deal: रूस-यूक्रेन युद्ध पर एक बहुत बड़ा अपडेट आया है। पिछले चार साल से अधिक समय से चल रहे इस युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक मोड़ सामने आया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि मॉस्को बातचीत के जरिए यूक्रेन के साथ शांति समझौता करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

पुतिन ने स्पष्ट किया है कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एंकरेज में हुई बैठक के दौरान चर्चा में आए समझौतों और समझौतों के विकल्पों को स्वीकार करने के लिए राजी हैं।

रूसी विदेश मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीजफायर की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। हालांकि, पुतिन ने यह शर्त भी रखी है कि अब यूक्रेन को भी इन शर्तों को स्वीकार करना होगा।


'हम शांति के लिए तैयार'

रूसी राष्ट्रपति ने सीधे और स्पष्ट शब्दों में बातचीत के जरिए हल निकालने की प्रतिबद्धता दोहराई है। रूसी विदेश मंत्रालय के मुताबिक पुतिन ने कहा, 'हम निश्चित रूप से शांतिपूर्ण तरीकों से यूक्रेन के साथ एक समझौते पर पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार और इच्छुक हैं। रूस उन समझौतों को स्वीकार करने के लिए तैयार है, जिन पर हमने एंकरेज में डोनाल्ड ट्रंप के साथ चर्चा की थी। अब यूक्रेनी पक्ष को भी उन शर्तों पर अपनी सहमति देनी होगी'।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस भीषण युद्ध को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयास एक बार फिर बेहद तेज हो गए हैं। यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा और सबसे विनाशकारी भू-राजनीतिक संघर्ष बना हुआ है।

एंकरेज बातचीत का वो सीक्रेट फॉर्मूला

राष्ट्रपति पुतिन ने सार्वजनिक रूप से उन विशिष्ट शर्तों या समझौतों का खुलासा नहीं किया है, जिन पर ट्रंप के साथ एंकरेज में सहमति बनी थी। लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि ट्रंप और पुतिन के बीच हुई इस मुलाकात में युद्ध को रोकने के लिए एक 'मिडिल ग्राउंड' यानी बीच का रास्ता तैयार किया गया है। रूस का यह बयान संकेत देता है कि मॉस्को अब इस युद्ध को आगे खींचने के बजाय बातचीत की मेज पर कूटनीति के जरिए इसका निपटारा चाहता है।

यूक्रेन और व्हाइट हाउस का क्या है रुख?

पुतिन के इस ताजा और बड़े बयान पर अभी तक यूक्रेन की राजधानी कीव या अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की लगातार यह रुख अपनाते रहे हैं कि किसी भी शांति समझौते में यूक्रेन की संप्रभुता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ रूस लगातार यह मांग करता रहा है कि किसी भी अंतिम समझौते से पहले उसकी सुरक्षा चिंताओं और क्षेत्रों पर किए गए दावों को स्वीकार किया जाए। अब देखना यह होगा कि क्या ट्रंप का 'एंकरेज फॉर्मूला' इन दोनों देशों को एक मंच पर लाने में कामयाब हो पाता है या नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।