क्यों एक पायलट ने नील आर्मस्ट्रांग के बचपन के घर को बचाने के लिए लुटा दिए करोड़ों रुपये?

रिटायर्ड पायलट केन श्राइबर ने नील आर्मस्ट्रांग के बचपन के घर को बचाने के लिए 4 लाख डॉलर दान किए हैं। इस पैसे से अमेरिका के ओहायो में घर खरीदा गया है। अब इसकी मरम्मत करके 2030 तक लोगों के देखने के लिए खोलने की योजना है।

अपडेटेड Oct 21, 2026 पर 11:56 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

जब नील आर्मस्ट्रांग (Neil Armstrong) ने चांद पर कदम रखा था, तब केन श्राइबर (Ken Schreiber) सिर्फ 9 साल के थे। इस घटना ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि बड़े होकर उन्होंने भी पायलट बनने का सपना पूरा किया। अब कई साल बाद वे अपने आदर्श से जुड़ी एक खास जगह को बचाने के लिए आगे आए हैं।

रिटायर्ड पायलट केन श्राइबर ने नील आर्मस्ट्रांग के बचपन के घर को खरीदने के लिए 4 लाख डॉलर दान किए हैं। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के ओहायो में स्थित इस घर को 19 अक्टूबर 2026 को खरीदा गया। अब इसकी मरम्मत करके 2030 तक लोगों के लिए खोलने की योजना है।

इस घर में बनाते थे हवाई जहाज के मॉडल


नील आर्मस्ट्रांग का यह घर अमेरिका के ओहायो (Ohio) में है, जिसे उनके परिवार ने 1944 में खरीदा था। बचपन से ही उन्हें हवाई जहाजों में दिलचस्पी थी। वे इसी घर में लकड़ी और गोंद से छोटे हवाई जहाज बनाते थे और उन्हें उड़ाकर देखते थे। उनके घर से जुड़ी कुछ खास बातें हैं:

• डाइनिंग रूम: यहां आर्मस्ट्रांग हवाई जहाजों के मॉडल बनाया करते थे।

• बेसमेंट: यहां उन्होंने हवा की सुरंग यानी विंड टनल बनाई थी। इसमें वे अपने मॉडल की टेस्टिंग करते थे।

• बेडरूम की खिड़की: वे यहां से मॉडल हवाई जहाज उड़ाकर देखते थे कि वे कितनी दूर तक जाते हैं।

बचपन से ही नील आर्मस्ट्रांग को हवाई जहाज उड़ाने का शौक था। 16 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार अकेले विमान उड़ाया और पायलट का लाइसेंस लिया। आगे चलकर वे अपोलो 11 मिशन के कमांडर बने और 20 जुलाई 1969 को चांद पर कदम रखने वाले पहले इंसान बने।

अब हिस्टोरिकल सोसाइटी उनके बचपन के घर को पुराने जैसा बनाना चाहती है। घर में आज भी कई पुरानी चीजें मौजूद हैं, लेकिन कुछ बदलाव भी हुए हैं। यहां आर्मस्ट्रांग के पुराने बेडरूम में चांद पर जाने से जुड़ी तस्वीरें लगी हैं। घर की मरम्मत और देखभाल के लिए और पैसे जुटाए जा रहे हैं। इसके लिए वापाकोनेटा कम्युनिटी फाउंडेशन ने भी एक फंड बनाया है।

घर का इतिहास और उसे खोलने की ऐसे होगी तैयारी

कैरेन माइकसेल ने 1988 में यह घर खरीदा था। वे इतिहास की शिक्षिका थीं और उन्होंने घर को पुराने रूप में बनाए रखने की कोशिश की। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने यहां नौ अंतरिक्ष यात्रियों का स्वागत किया था। इनमें बज एल्ड्रिन भी शामिल थे, जो 2012 में इस घर को देखने आए थे।

वापाकोनेटा के मेयर डैन ली ने भी घर को बचाने के इस फैसले की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि केन श्राइबर का दान अमेरिकी इतिहास से जुड़ी इस धरोहर को बचाने में मदद करेगा। हिस्टोरिकल सोसाइटी की योजना घर की मरम्मत करके इसे 2030 तक आम लोगों के लिए खोलने की है। लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि मरम्मत का काम कब पूरा होता है और इसके लिए कितना पैसा जुट पाता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।