मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव और जंग के हालात के दौरान एक बड़ा डेवलपमेंट सामने आया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को सेंट पीटर्सबर्ग में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अघराची के साथ एक हाई-प्रोफाइल बैठक की है। इस मुलाकात के दौरान पुतिन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रूस, ईरान के हितों की रक्षा करने और क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
पुतिन का बड़ा ऐलान- ईरान के साथ खड़ा है रूस
रूसी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती (RIA Novosti) और तास (TASS) के अनुसार, पुतिन ने अघराची से कहा है कि रूस अपनी तरफ से वह सबकुछ करेगा जो ईरान और उसके लोगों के हित में होगा। पुतिन ने दोहराया कि वह उम्मीद करते हैं कि ईरानी लोग इस मुश्किल दौर से उबर जाएंगे और क्षेत्र में जल्द ही स्थिरता बहाल होगी।
पुतिन को मिला ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैय्यद मुजतबा खामेनेई का संदेश
बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम यह रहा कि पुतिन को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद मुजतबा खामेनेई (Ayatollah Seyyed Mojtaba Khamenei) का एक विशेष संदेश मिला। पुतिन ने अघराची से अनुरोध किया कि वह सुप्रीम लीडर को उनकी शुभकामनाएं और अच्छे स्वास्थ्य की दुआएं पहुंचाएं। ईरान के विदेश मंत्री अघराची ने इस समर्थन के लिए पुतिन का आभार जताया है और कहा कि ईरान और रूस के बीच संबंध अब एक 'रणनीतिक साझेदारी' (Strategic Partnership) का रूप ले चुके हैं, जो भविष्य में और भी मजबूत होंगे।
अघराची का तीन देशों का दौरा: कूटनीति की नई धुरी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अघराची का रूस दौरा उनके तीन देशों के राजनयिक दौरे का हिस्सा है। इससे पहले वह पाकिस्तान और ओमान की यात्रा कर चुके हैं। अघराची ने कहा कि क्षेत्र में हालिया घटनाक्रमों के कारण उच्च-स्तरीय बैठकों में जो कमी आई थी, उसे अब इस कूटनीतिक जुड़ाव के जरिए दूर किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अघराची ने टेलीग्राम पर साझा किए गए संदेश में कहा कि ईरान और रूस ने हमेशा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर करीबी परामर्श किया है और वर्तमान युद्ध जैसी स्थितियों में मॉस्को के साथ तालमेल बिठाना जरूरी है।
पश्चिम एशिया में शांति की कोशिश
ईरान की स्टेट मीडिया प्रेस टीवी (Press TV) को कोट करते हुए न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में बताया गया है कि पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि मॉस्को न केवल ईरान बल्कि क्षेत्र के अन्य देशों में भी स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। अघराची की इस यात्रा के दौरान उनके रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ भी विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।