जापान में सोमवार 20 अप्रैल को भीषण भूंकप आय है। पूरे जापान में भूकंप के ऐसे झटके लगे हैं की पूरा देश हिल उठा। भूकंप के इन तेज झटकों के बाद देश में सुनामी आने की भी चेतावनी जारी कर दी गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, सोमवार को जापान के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में 7.5 तीव्रता का तेज़ भूकंप आया। इसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई। एजेंसी ने बताया कि इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहरें देखी गईं।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, 'जापान में भूकंप शाम 4:53 बजे आया। इसकी तीव्रता जापान के 7 स्तर वाले भूकंप मापने के पैमाने पर “ऊपरी 5” दर्ज की गई।' जानकारी के अनुसार, भूकंप जमीन के अंदर करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया थ। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, जापान के मियाको शहर से करीब 100 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में समुद्र के अंदर तेज़ भूकंप आया। इसकी शुरुआती तीव्रता 7.4 मापी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7.5 कर दिया गया। क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगले एक हफ्ते तक इसी तरह के और भूकंप आ सकते हैं। एनएचके के अनुसार, यह भूकंप जमीन के अंदर करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया।
तीन मीटर तक उठ सकती है लहरें
एजेंसी ने होक्काइडो, आओमोरी और इवाते के प्रशांत तट वाले इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि यहां 3 मीटर तक ऊंची लहरें जल्द पहुंच सकती हैं। वहीं भूकंप के बाद प्रधानमंत्री सना तकाएची ने लोगों से ऊंची जगहों पर जाने के लिए कहा है. उन्होंने इस संकट के समय आम नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की है। प्रभावित इलाकों में लोगों को समुद्र किनारे और नदियों के मुहानों से दूर रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि वहां पानी तेजी से भर सकता है।
क्योडो न्यूज के अनुसार, भूकंप के बाद आओमोरी और मियागी में स्थित हिगाशिदोरी और ओनागावा परमाणु संयंत्रों में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है। इसी तरह फुकुशिमा के फुकुशिमा दाइची और दाइनी परमाणु संयंत्र भी पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं। इन सभी संयंत्रों के संचालकों ने पुष्टि की है कि सब कुछ सामान्य है। इस बीच, सनाए ताकाइची ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित रहने के लिए ऊंचे स्थानों पर चले जाएं, खासकर वे लोग जो भूकंप से प्रभावित इलाकों में रह रहे हैं। वहीं जेआर ईस्ट ने जानकारी दी है कि टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच चलने वाली तोहोकू शिंकनसेन बुलेट ट्रेन की सेवाएं फिलहाल रोक दी गई हैं।