Donald Trump: 'मैं क्यूबा के साथ कुछ भी कर सकता हूं...', ईरान के बाद अब ट्रंप के निशाने पर क्यूबा; 'तख्तापलट' और 'कब्जे' के दिए संकेत

Donald Trump-Cuba: ट्रंप ने क्यूबा के साथ अमेरिका के दशकों पुराने तनावपूर्ण रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि अब फैसला लेने का वक्त आ गया है। ट्रंप ने कहा, 'मैंने पूरी जिंदगी अमेरिका और क्यूबा के बारे में सुना है। मुझे लगता है कि क्यूबा को किसी न किसी रूप में लेना मेरे लिए सम्मान की बात होगी'

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 10:02 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका फिलहाल ईरान के मोर्चे पर व्यस्त है, लेकिन क्यूबा उनकी लिस्ट में अगला टारगेट है

Donald Trump-Cuba: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब क्यूबा को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। 16 मार्च को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि वे क्यूबा को 'आजाद' करने या उस पर 'कब्जा' करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलहाल ईरान के मोर्चे पर व्यस्त है, लेकिन क्यूबा उनकी लिस्ट में अगला टारगेट है। उन्होंने पहले भी कहा था, 'हम क्यूबा से बात कर रहे हैं, लेकिन क्यूबा से पहले हम ईरान को निपटाएंगे'।

'क्यूबा को लेना मेरे लिए सम्मान की बात': ट्रंप

ट्रंप ने क्यूबा के साथ अमेरिका के दशकों पुराने तनावपूर्ण रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि अब फैसला लेने का वक्त आ गया है। ट्रंप ने कहा, 'मैंने पूरी जिंदगी अमेरिका और क्यूबा के बारे में सुना है। मुझे लगता है कि क्यूबा को किसी न किसी रूप में लेना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। मैं इसे आजाद करूं या ले लूं, मुझे लगता है कि मैं इसके साथ जो चाहूं कर सकता हूं।'


अमेरिका बना रहा नेतृत्व परिवर्तन का दबाव

न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और क्यूबा के बीच चल रही पर्दे के पीछे की बातचीत में वाशिंगटन ने एक बड़ी शर्त रखी है। अमेरिकी वार्ताकारों ने संकेत दिया है कि क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कानेल को अपना पद छोड़ना होगा। हालांकि, वे पद कैसे छोड़ेंगे, यह क्यूबा के अधिकारियों पर छोड़ दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ डियाज-कानेल ने स्पष्ट किया है कि कोई भी बातचीत समानता, संप्रभुता और एक-दूसरे की राजनीतिक व्यवस्था के सम्मान के आधार पर ही होनी चाहिए।

नेशनल ग्रिड फेल होने से अंधेरे में डूबा क्यूबा

ट्रंप की धमकियों के बीच क्यूबा इस समय अपने सबसे बड़े मानवीय और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सोमवार, 16 मार्च को क्यूबा का नेशनल इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड पूरी तरह ठप हो गया, जिससे लगभग 1 करोड़ लोग अंधेरे में डूब गए। अमेरिका द्वारा तेल की आपूर्ति रोकने और वेनेजुएला से मदद बंद होने के कारण क्यूबा में ईंधन खत्म हो गया है, जिससे पावर प्लांट काम नहीं कर पा रहे हैं।

क्यूबा की हालत बिगड़ने के पीछे वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी और अमेरिकी तेल नाकाबंदी को मुख्य कारण माना जा रहा है। क्यूबा अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए वेनेजुएला पर निर्भर था, लेकिन अब वह रास्ता बंद हो चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।