रिकॉर्ड निचले स्तर पर ट्रंप की लोकप्रियता! ईरान युद्ध ने बिगाड़ा खेल, महंगाई ने छुड़ाए आम अमेरिकियों के पसीने

Donald Trump Approval Rating: लगातार घटती रेटिंग के बीच नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों को लेकर रिपब्लिकन पार्टी की चिंता बढ़ गई है। ट्रंप की अपनी पार्टी के 41% रिपब्लिकन महंगाई के मुद्दे पर उनके खिलाफ हैं। निर्दलीय वोटर्स अब डेमोक्रेट्स की ओर झुक रहे हैं, जो ट्रंप के लिए बड़ी चुनौती साबित होने वाली है

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 10:03 AM
Story continues below Advertisement
जब जनवरी 2025 में ट्रंप ने सत्ता संभाली थी, तब 47% अमेरिकी उनके साथ थे, लेकिन हालिया सर्वे में यह आंकड़ा लगातार गिर रहा है

Trump Approval Rating: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। रॉयटर्स-IPSOS पोल के मुताबिक, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 34% पर आ गई है, जो उनके इस कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है। इस गिरावट की मुख्य वजह ईरान के साथ जारी युद्ध और उसके कारण आसमान छूती महंगाई को माना जा रहा है।

2025 से अब तक का सबसे बुरा दौर

जब जनवरी 2025 में ट्रंप ने सत्ता संभाली थी, तब 47% अमेरिकी उनके साथ थे, लेकिन हालिया सर्वे में यह आंकड़ा लगातार गिर रहा है। ताजा रेटिंग में उन्हें 34% वोट मिले है जो पिछले सर्वे में 36% थी। लोगों में महंगाई को लेकर असंतोष है। केवल 22% लोग ही जीवनयापन की लागत पर उनके काम से खुश हैं। अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर उनकी 27% रेटिंग उनके पिछले कार्यकाल (2017-2021) और जो बाइडेन के सबसे खराब दौर से भी नीचे चली गई है।


फ्यूल की कीमतों ने बिगाड़ा खेल

28 फरवरी को ईरान के खिलाफ शुरू हुए युद्ध ने वैश्विक तेल बाजार में हड़कंप मचा दिया है। युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका में गैस की कीमतें 40% से ज्यादा बढ़कर $4.18 प्रति गैलन तक पहुंच गई हैं। ईरान की धमकियों के कारण फारस की खाड़ी से होने वाला तेल निर्यात प्रभावित है, जिससे रिजर्व कम हो रहे हैं और कीमतें बढ़ रही हैं।

ईरान युद्ध से मोहभंग

ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को लेकर भी अमेरिकी जनता का समर्थन कम हो रहा है। केवल 34% अमेरिकी ही इस युद्ध को सही मान रहे हैं, जो मार्च में 38% था। लोग अब युद्ध के बजाय घरेलू समस्याओं और बढ़ते खर्चों को लेकर ज्यादा चिंतित हैं।

मध्यवर्ती चुनावों पर मंडराता खतरा

लगातार घटती रेटिंग के बीच नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों को लेकर रिपब्लिकन पार्टी की चिंता बढ़ गई है। ट्रंप की अपनी पार्टी के 41% रिपब्लिकन महंगाई के मुद्दे पर उनके खिलाफ हैं। निर्दलीय वोटर्स अब डेमोक्रेट्स की ओर झुक रहे हैं, जो ट्रंप के लिए बड़ी चुनौती साबित होने वाली है।

व्हाइट हाउस के बाहर हत्या की कोशिश

यह पोल ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई है। शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर के बाहर एक बंदूकधारी को पकड़ा गया। संघीय अभियोजकों ने आरोपी पर राष्ट्रपति की हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वैसे इस घटना का जनता की राय पर क्या असर पड़ा है, यह अगले सर्वे में साफ होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।