Trump Hell-Hole Remark Row: भारत को 'नरक' बताने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 24 घंटे के अंदर ही सुर बदल गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक 'महान देश' बताया है। ट्रंप ने उन विवादित रीपोस्ट पर सफाई दी है जिसमें भारत को "नरक जैसी जगह" कहा गया था। नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने गुरुवार (23 अप्रैल) को सफाई देते हुए कहा कि ट्रंप भारत को "एक महान देश" मानते हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक 'बहुत अच्छा दोस्त' बताया है।
भारत में स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, "राष्ट्रपति ने कहा है कि भारत एक महान देश है, जिसके शीर्ष पर उनके बहुत अच्छे मित्र हैं।" प्रवक्ता का यह बयान भारतीय मीडिया के उन सवालों के जवाब में आया, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा सोशल मीडिया पर की गई एक रीपोस्ट से पैदा हुए विवाद के बारे में पूछा गया था। उस रीपोस्ट में रेडियो शो होस्ट माइकल सैवेज की टिप्पणियां शामिल थीं, जिसमें भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को 'नरक' कहा गया था।
डोनाल्ड ट्रंप ने जन्मसिद्ध नागरिकता को लेकर चल रही बहस के बीच भारत और चीन सहित कुछ देशों को लेकर विवादास्पद पोस्ट शेयर की है। इससे नई राजनीतिक चर्चा छिड़ गई है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक लेटर शेयर करते हुए इन देशों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया। जन्मसिद्ध नागरिकता सहित कई अमेरिकी नागरिकता कानूनों की आलोचना की।
ट्रंप ने जो बयान शेयर किया है उसमें लिखा है, "यहां (अमेरिका में) एक बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है। फिर वे पूरे परिवार को चीन या भारत या दुनिया की किसी और 'नरक' से ले आते हैं। यह देखने के लिए आपको ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है। यहां अब इंग्लिश नहीं बोली जाती।" इस पोस्ट पर भारी बवाल मचा हुआ है।
अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने भारत को एक महान देश बताने वाली टिप्पणी कहां और कब की थी। सैवेज ने ये टिप्पणियां अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में जन्मजात नागरिकता को चुनौती देने वाले एक मामले के संदर्भ में की थीं।
इस विवाद पर पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने कुछ खबरें देखी हैं। मैं यहीं पर इसे छोड़ता हूं।" सैवेज ने दावा किया है कि मौजूदा कानूनी व्यवस्था प्रवासियों को अमेरिकी कानूनों का गलत फायदा उठाने की छूट देती है, क्योंकि वे गर्भावस्था के नौवें महीने में अमेरिका पहुंच जाते हैं।
ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर रूढ़िवादी टिप्पणीकार सैवेज का एक वीडियो शेयर करके अमेरिका में जन्मसिद्ध नागरिकता की आलोचना को और तेज कर दिया है। इस क्लिप में सैवेज ने आरोप लगाया कि मौजूदा आव्रजन कानूनों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि ये कानून लोगों को गर्भावस्था के आखिरी दिनों में अमेरिका की यात्रा करने की छूट देते हैं। ताकि यहां पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाए। उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद परिवार चीन, भारत या दुनिया के किसी अन्य 'नरक जैसे देश' से यहां आकर बस जाते हैं।