US President Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां की सुप्रीम कोर्ट के बीच टकराव अब और तेज हो गया है। ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि वैश्विक टैरिफ को रद्द करने वाले अदालत के फैसले ने असल में उन्हें पहले से कहीं अधिक 'ताकतवर' बना दिया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक लंबी पोस्ट में ट्रंप ने अदालत के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया और कहा कि वह अब और भी कड़े कदम उठाएंगे।
सबक सिखाने के लिए करेंगे 'लाइसेंस' का इस्तेमाल
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में सुप्रीम कोर्ट के प्रति इतनी नाराजगी जताई कि उन्होंने कोर्ट का नाम छोटे अक्षरों में लिखने की बात कही। ट्रंप ने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट ने अनजाने में उन्हें एक राष्ट्रपति के रूप में ऐसी शक्तियां और मजबूती दे दी हैं, जो उनके पास इस 'मूर्खतापूर्ण' और 'विवादास्पद' फैसले से पहले नहीं थीं। ट्रंप ने चेतावनी दी कि वह अब उन देशों को सबक सिखाने के लिए 'लाइसेंस' का इस्तेमाल करेंगे जो दशकों से अमेरिका को 'लूट' रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर हर लाइसेंस के लिए फीस लगती है, तो अमेरिका विदेशी व्यापार के लाइसेंस पर भारी फीस क्यों नहीं वसूल सकता?
सुप्रीम कोर्ट का फैसला और ट्रंप की प्रतिक्रिया
20 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से ट्रंप के एकतरफा टैरिफ शासन पर रोक लगा दी थी। मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने कहा था कि राष्ट्रपति ने कांग्रेस की स्पष्ट अनुमति के बिना 'असाधारण शक्तियों' का इस्तेमाल किया है, जो कानूनी रूप से सही नहीं है। हालांकि, अदालत ने पुराने टैरिफ रद्द कर दिए, लेकिन ट्रंप का मानना है कि अन्य व्यापारिक हथकंडे अभी भी उनके पास हैं। उन्होंने कहा कि अदालत ने अन्य कई प्रकार के टैरिफ को मंजूरी दी है, जिन्हें अब वे और भी 'शक्तिशाली और आक्रामक' तरीके से इस्तेमाल करेंगे।
न्यायपालिका और व्हाइट हाउस में ठनी
ट्रंप ने न केवल टैरिफ बल्कि अन्य मुद्दों पर भी अदालत को चेतावनी दी। उन्होंने अंदेशा जताया कि भविष्य में कोर्ट चीन के पक्ष में या नागरिकता जैसे मुद्दों पर 'देश के भविष्य के लिए हानिकारक' फैसले सुना सकता है। ट्रंप ने अपनी पोस्ट का अंत अपने प्रसिद्ध नारे 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' के साथ किया और कहा कि वे अपना काम जारी रखेंगे, चाहे अदालत के फैसले जो भी हों। यह पूरी घटना दिखाती है कि ट्रंप अपने व्यापारिक एजेंडे को लागू करने के लिए न्यायपालिका से टकराने को पूरी तरह तैयार हैं।