Trump Attack News: वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित वार्षिक 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' (WHCD) के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल के ठीक बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। फायरिंग की आवाजें बॉलरूम के पिछले हिस्से से आती हुई महसूस हुईं, जिससे वहां मौजूद पत्रकारों, नेताओं और मशहूर हस्तियों में दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि, लोग जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के नीचे छिप गए। सिक्योरिटी एजेंटों ने चिल्लाकर कहा- 'Shots Fired!'। एक झटके में पूरे हॉल में डर का माहौल बन गया।
सुरक्षा कारणों से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को तुरंत मंच से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद पूरे अमेरिका में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
खाने की मेज पर बैठे थे मेहमान तभी गूंज उठीं गोलियां
चश्मदीदों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब डिनर की शुरुआत ही हुई थी। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष वेइजिया जियांग (Weijia Jiang) के शुरुआती संबोधन के कुछ ही मिनटों बाद, मेहमान अभी अपना पहला कोर्स खा ही रहे थे कि अचानक कम से कम 5 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी गई।
ट्रंप को घेरकर बाहर ले गए सीक्रेट सर्विस एजेंट
जैसे ही फायरिंग की पुष्टि हुई, सीक्रेट सर्विस और यूएस मार्शल सर्विस के एजेंटों ने हरकत में आते हुए राष्ट्रपति ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को चारों तरफ से घेर लिया। उन्हें तुरंत सुरक्षित रास्ते से कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया। प्रेस कोर और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को भी सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया।
हाई-प्रोफाइल हस्तियां थी मौजूद
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर वॉशिंगटन के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है। इस दौरान वहां कई दिग्गज सांसद, सीनेटर और सेलिब्रिटीज मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने कई वीआईपी मेहमानों को बॉलरूम से बाहर निकाला, जबकि कई अन्य लोगों को वहीं 'शेल्टर-इन-प्लेस' की सलाह दी गई।
फिलहाल अधिकारियों की ओर से किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हमलावर कौन था और फायरिंग का असली मकसद क्या था, इसकी जांच जारी है। वॉशिंगटन पुलिस और एफबीआई (FBI) पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच में जुट गई हैं।