Donald Trump: 'अगले 2-3 हफ्तों में करेंगे सबसे जोरदार प्रहार', ट्रंप की ईरान को सीधी चेतावनी से मिडिल ईस्ट में फिर से तनाव बढ़ने के आसार

Donald Trump Warning: ट्रंप ने दावा किया कि पिछले एक महीने में अमेरिकी सेना ने ईरान को निर्णायक चोट पहुंचाई है। ट्रंप के अनुसार, ईरान की नौसेना को लगभग खत्म कर दिया गया है और उसकी वायुसेना बेहद कमजोर हो चुकी है। ईरान की 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) के कमांड स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया जा रहा है और कई बड़े सैन्य नेताओं को मार दिया गया है

अपडेटेड Apr 02, 2026 पर 7:49 AM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अभी रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिन ईरान के लिए और भी मुश्किल भरे होंगे

USA-Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को और तेज करने का ऐलान किया है। 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के एक महीना पूरा होने पर ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा कि अमेरिका अगले 2 से 3 हफ्तों में ईरान पर अब तक का सबसे भीषण हमला करने के लिए तैयार है।

ट्रंप ने गिनाईं अपनी कामयाबी

ट्रंप ने दावा किया कि पिछले एक महीने में अमेरिकी सेना ने ईरान को निर्णायक चोट पहुंचाई है। ट्रंप के अनुसार, ईरान की नौसेना को लगभग खत्म कर दिया गया है और उसकी वायुसेना बेहद कमजोर हो चुकी है। ईरान की 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) के कमांड स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया जा रहा है और कई बड़े सैन्य नेताओं को मार दिया गया है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन बनाने वाली फैक्ट्रियों और उनके लॉन्च सिस्टम को बड़े पैमाने पर तबाह कर दिया गया है।


'हम उन्हें बहुत बुरी तरह मारेंगे'

ट्रंप ने साफ कर दिया कि अमेरिका अभी रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिन ईरान के लिए और भी मुश्किल भरे होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'हम अगले 2-3 हफ्तों में उन पर बेहद जोरदार प्रहार करने जा रहे हैं।' उन्होंने कहा  कि उनके दुश्मन हार रहे हैं और अमेरिकी सेना पहले से कहीं ज्यादा मजबूती से आगे बढ़ रही है।

'दिखाएं हिम्मत, खुद बचाएं अपना तेल'

अपने संबोधन में ट्रंप ने एक बार फिर उन देशों पर निशाना साधा जो तेल के लिए 'होर्मुज जलडमरूमध्य' पर निर्भर हैं, लेकिन सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले रहे। ट्रंप ने तेल पर निर्भर देशों से कहा कि वे 'हिम्मत' दिखाएं और इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते को सुरक्षित करने के लिए खुद आगे आएं। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका अब दूसरों के हिस्से की लड़ाई अकेले नहीं लड़ेगा, हालांकि उन्होंने इस क्षेत्र में अपने खास सहयोगियों इजरायल, सऊदी अरब, कतर, यूएई, कुवैत और बहरीन की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ईरान से बाहर निकलने का क्या है प्लान?

ट्रंप ने पहले ही संकेत दिया है कि वे ईरान से अपनी सेना को जल्द बाहर निकालना चाहते हैं, लेकिन उनकी रणनीति अब बदल सकती है। ट्रंप ने दोहराया कि वे ईरान से 'बहुत जल्दी' बाहर निकल जाएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिका ईरान के खास ठिकानों पर 'स्पॉट हिट्स' यानी चुनिंदा ठिकानों पर अचानक हमला करने के लिए वापस लौट सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।