तुर्की एयर फोर्स का F-16 फाइटर जेट बुधवार सुबह बालिकेसिर एयर बेस से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। जानकारी के मुताबिक हादसे में पायलट की मौत हो गई। यह घटना बर्सा-इज़मिर हाईवे के पास हुई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सामने आए वीडियो में स्थानीय लोग हादसे की जगह की ओर भागते दिखे, जहां विमान का मलबा जमीन पर बिखरा पड़ा था।
शहर के गवर्नर इस्माइल उस्ताओग्लू ने बताया कि बालिकेसिर के 9वें मेन जेट बेस कमांड के स्क्वाड्रन का एक F-16 विमान रात करीब 12:50 बजे मिशन फ्लाइट के दौरान क्रैश हो गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में एक पायलट शहीद हुआ है। गवर्नर ने पायलट के लिए शोक व्यक्त करते हुए उसके परिवार के प्रति संवेदना जताई। फिलहाल इस हादसे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। विमान किस कारण से गिरा, यह जानने के लिए पूरी जांच की जाएगी।
रडार से अचानक गायब हुआ था विमान
तुर्की के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि बालिकेसिर के 9वें मेन जेट बेस कमांड से उड़ान भरने वाले F-16 विमान का रात 12:56 बजे रेडियो संपर्क और ट्रैकिंग सिग्नल अचानक टूट गया। इसके तुरंत बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बयान में कहा गया कि तलाश के दौरान विमान के क्रैश होने की पुष्टि हुई और उसका मलबा भी बरामद कर लिया गया है। इस हादसे में पायलट की मौत हो गई। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना की असली वजह जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
बता दें कि, F-16 फाइटिंग फाल्कन एक सिंगल-इंजन, सुपरसोनिक मल्टीरोल फाइटर एयरक्राफ्ट है जिसे असल में अमेरिका में जनरल डायनेमिक्स ने बनाया था और बाद में लॉकहीड मार्टिन ने बनाया। तुर्की एयर फोर्स ने 1987 में अपना पहला F-16 फाइटिंग फाल्कन एयरक्राफ्ट खरीदा था.इसके बाद जेट्स को मल्टी-फेज पीस ओनिक्स प्रोग्राम के तहत देश में ही बनाया गया।