Get App

नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान टकराए दो हेलीकॉप्टर, भारतीय नागरिक की मौत

नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। फेरिचे इलाके में उतरने की कोशिश के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई

Edited By: Ankita Pandeyअपडेटेड Nov 03, 2026 पर 11:21 AM
नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान टकराए दो हेलीकॉप्टर, भारतीय नागरिक की मौत
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में स्थित फेरिचे हेलीपैड पर ये दुर्घटना हुई

नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, फेरिचे इलाके में उतरने की कोशिश के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई, जबकि दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। नेपाल पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी कंपनियों के थे। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में स्थित फेरिचे हेलीपैड पर ये दुर्घटना हुई। उस समय दोनों हेलीकॉप्टर बर्फ से ढके इलाके में उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे आपस में टकरा गए। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, ये हादसा स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुआ।

भारतीय की हुई पहचान

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार एक भारतीय यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर का पायलट और दो अन्य लोग घायल हुए हैं। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, सोलुखुम्बु के पुलिस प्रमुख मौसम तमांग ने मृतक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में की है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में यात्रा कर रहा था। पुलिस ने बताया कि मृतक का शव लुक्ला के एक अस्पताल में भेज दिया गया है।

 

सब समाचार

+ और भी पढ़ें