युद्ध के बीच हिंद महासागर में क्यों पहुंचे पाकिस्तान के दो जंगी जहाज? कोलंबो में आखिर क्या होने वाला है? जानिए

Pakistan Two Ships: पाकिस्तानी नौसेना के दो युद्धपोत, तैमूर और असलत रविवार को कोलंबो बंदरगाह पहुंचे। ये जहाज 26 अप्रैल तक श्रीलंका में रहेंगे। ये युद्धपोत ऐसे समय में हिन्द महासागर में दाखिल हुए है जब पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है और दुनियाभर पर ऊर्जा का संकट मंडरा रहा है

अपडेटेड Apr 13, 2026 पर 4:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आखिर पाकिस्तान के दो प्रमुख युद्धपोत श्रीलंका में क्या कर रहे हैं?

Pakistan: मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है। ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता में भी कोई समझौता नहीं हो पाया। इन्हीं सब परिस्थितियों के बीच पाकिस्तान के दो युद्धपोत हिंद महासागर में है। अब सबके मन में ये सवाल उठ रहा है कि आखिर पाकिस्तान के दो प्रमुख युद्धपोत श्रीलंका में क्या कर रहे हैं?

इस सवाल का जवाब श्रीलंकाई नौसेना के एक बयान से मिल गया है। दरअसल श्रीलंका ने सोमवार को घोषणा की है कि एक द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के युद्धपोत कोलंबो बंदरगाह पहुंच चुके हैं। यह दौरा दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा और रक्षा संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

26 अप्रैल तक कोलंबो में रहेंगे 'तैमूर' और 'असलत'


पाकिस्तानी नौसेना के दो युद्धपोत, तैमूर और असलत, रविवार को कोलंबो बंदरगाह पहुंचे। ये जहाज 26 अप्रैल तक श्रीलंका में रहेंगे। श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता, कमांडर बुद्धिका संपत ने बताया कि यह एक 'सद्भावना यात्रा' है, जिसका उद्देश्य आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

समंदर में दिखेगी साझा ताकत

पाकिस्तानी जहाज श्रीलंका की नौसेना के साथ मिलकर 'Lion Star V' नामक युद्धाभ्यास में शामिल होंगे। कमांडर संपत के अनुसार, इन जहाजों के जरिए होने वाले प्रशिक्षण अभ्यासों की रूपरेखा जल्द ही अंतिम रूप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह हमारे युवा नौसैनिक अधिकारियों के लिए एक बेहतरीन मौका है, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और तकनीक को समझने का अवसर मिलेगा।

यह युद्धाभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा बनी हुई है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच इस तरह के नियमित अभ्यास न केवल सामरिक कौशल बढ़ाते हैं, बल्कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के साझा संकल्प को भी दर्शाते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।