UAE Lottery: अबू धाबी में ₹240 करोड़ की लॉटरी जीतकर रातोंरात करोड़पति बना भारतीय! मां को दिया सोना, तो पिता के लिए खरीदी जमीन; अब दिया ये बयान

UAE Lottery: तेलंगाना के अनिल कुमार बोला के लिए 240 करोड़ रुपये की लॉटरी सिर्फ लग्जरी जिंदगी का टिकट नहीं बनी। बल्कि इसने उन्हें मां का सपना पूरा करने, पिता को खेती का अवसर देने, परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने और भविष्य के लिए नई योजनाएं बनाने की आजादी दी। अनिल की चर्चा इस वक्त अबू धाबी से लेकर तेलंगाना तक हो रही है

अपडेटेड Oct 23, 2026 पर 2:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UAE Lottery: भारतीय व्यक्ति ने UAE लॉटरी में ₹240 करोड़ जीतने के बाद कारें, प्रॉपर्टी और सोना समेत जमकर खरीददारी की

UAE Lottery: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में रहने वाले तेलंगाना के 29 वर्षीय भारतीय टेक प्रोफेशनल अनिल कुमार बोला रातोंरात करोड़पति बन गए हैं। अनिल की जिंदगी अक्टूबर 2025 में उस वक्त पूरी तरह बदल गई, जब उन्होंने UAE की लॉटरी में 10 करोड़ दिरहम यानी करीब 240 करोड़ रुपये का इनाम जीत लिया। इतनी बड़ी रकम जीतना किसी सपने के सच होने जैसा था। अचानक उनके सामने लग्जरी कारें खरीदने, विदेश घूमने, महंगी घड़ियां पहनने और भारत एवं दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने जैसे कई विकल्प खुल गए।

लेकिन इस कहानी का दिलचस्प पहलू सिर्फ उनकी दौलत नहीं है। लॉटरी जीतने के करीब एक साल बाद अनिल कुमार का कहना है कि शुरुआत में जो रोमांच और उत्साह था, वह अब धीरे-धीरे कम हो गया है। अब उनकी प्राथमिकताएं भी बदल रही हैं। अब उनके लिए महंगी चीजों से ज्यादा मायने परिवार के साथ बिताया गया समय, माता-पिता के सपने पूरे करना और भविष्य के लिए अपनी संपत्ति को सही तरीके से संभालना है।

'सबसे महत्वपूर्ण बात परिवार के साथ अच्छा समय बिताना'


'खलीज टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में अनिल कुमार ने कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात परिवार के साथ अच्छा समय बिताना है। उन्होंने अपनी जिंदगी में आए इस बदलाव को बेहद महत्वपूर्ण बताया और कहा कि लॉटरी जीतने से उनकी जिंदगी के साथ-साथ उनकी महत्वाकांक्षाएं भी बदल गईं।

मां का सपना पूरा करने के लिए सबसे पहले खरीदे सोने के गहने

अनिल कुमार ने लॉटरी जीतने के बाद जो चीजें खरीदीं, उनमें सबसे खास उनकी मां के लिए सोने के गहने शामिल थे। उनकी मां लंबे समय से कुछ सोने के गहने खरीदने का सपना देख रही थीं। बेटे ने यह सपना पूरा करने के लिए उन्हें सोने का हार, सोने की कई अंगूठियां और चूड़ियां गिफ्ट में दीं। 'गल्फ न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, मां के लिए यह गिफ्ट बेहद भावुक पल बन गया। उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

अनिल कुमार के लिए यह खरीदारी महंगी कार या किसी लग्जरी घड़ी से कहीं अधिक मायने रखती थी, क्योंकि इसके जरिए वह अपनी मां की एक पुरानी इच्छा पूरी कर सके। अनिल ने अपने परिवार के बारे में बात करते हुए कहा कि उनकी खुशी हमेशा फैमिली से जुड़ी रहती है। उन्होंने बताया कि अपने माता-पिता के लिए किए गए काम उन्हें खुद पर खर्च किए गए पैसों से भी ज्यादा खुशी देते हैं।

करोड़ों रुपये जीतने के बाद भी उसी घर में रहता है परिवार

आमतौर पर माना जाता है कि अचानक करोड़ों रुपये मिलने पर इंसान अपनी जीवनशैली पूरी तरह बदल लेता है। बड़ा बंगला, महंगी गाड़ियां और आलीशान जिंदगी उसकी दिनचर्या बन सकती है। लेकिन अनिल कुमार के परिवार ने अपने पुराने घर से रिश्ता नहीं तोड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेलंगाना में उनका परिवार आज भी उसी घर में रहता है, जहां वह लॉटरी जीतने से पहले रहता था। अनिल इस घर को अपने पिता का सपनों का घर बताते हैं। इसलिए उन्होंने करोड़ों रुपये आने के बावजूद परिवार को वहां से दूसरी जगह ले जाने के बजाय उस घर से जुड़ी यादों और भावनाओं को महत्व दिया।

पिता के लिए खरीदी खेती की जमीन, ताकि पूरा कर सकें अपना सपना

अनिल कुमार का परिवार भारत में खेती-किसानी से जुड़ा रहा है। उनके पिता माधव राव को जैविक खेती में काफी दिलचस्पी है। बेटे ने उनकी इस इच्छा को पूरा करने के लिए खेती की जमीन खरीदी, ताकि वह अपनी पसंद के अनुसार खेती कर सकें। इस तरह अनिल कुमार ने लॉटरी से मिली रकम का इस्तेमाल सिर्फ अपनी इच्छाएं पूरी करने के लिए नहीं। बल्कि पिता को उनकी पसंद का काम करने का अवसर देने के लिए भी किया।

कारें, महंगी घड़ियां और iPhone भी खरीदा

परिवार की इच्छाएं पूरी करने के साथ अनिल कुमार ने अपने लिए भी कई चीजें खरीदीं। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने भारत और UAE में प्रॉपर्टी खरीदी, अपने लिए और भाई के लिए कारें लीं। इसके अलावा चार से पांच महंगी घड़ियां खरीदीं। उनके खरीदे सामान में iPhone 17 Air भी शामिल था। जबकि उन्होंने विदेश घूमने का भी आनंद लिया।

बीते एक साल में वह परिवार और दोस्तों के साथ बाली, थाईलैंड और एम्स्टर्डम जैसे देशों की यात्रा कर चुके हैं। लॉटरी जीतने से पहले जिन अनुभवों के लिए उन्हें योजना बनानी पड़ती थी, अब वे उनके लिए आसानी से उपलब्ध हो गए। लेकिन अनिल कुमार के मुताबिक, समय के साथ इन चीजों का शुरुआती रोमांच कम हो गया है।

अब पहले जैसा उत्साह नहीं

लॉटरी जीतने के बाद शुरुआती दिनों में अनिल कुमार के लिए हर नया अनुभव खास था। नई जगहों पर घूमना, अपनी पसंद की चीजें खरीदना और परिवार के साथ समय बिताना उनकी जिंदगी का नया हिस्सा बन गया। लेकिन एक साल बाद वह महसूस कर रहे हैं कि अचानक मिली दौलत का शुरुआती रोमांच धीरे-धीरे सामान्य जिंदगी का हिस्सा बन गया है। उन्होंने 'खलीज टाइम्स' से कहा, "किसी तरह वह उत्साह कम हो गया है। लेकिन मुझे उन अवसरों और चीजों के लिए बहुत आभार है, जो मुझे मिल रही हैं और जिन्हें मैं कर पा रहा हूं।"

अब बिजनेस शुरू करने की तैयारी

लॉटरी जीतने के बाद अनिल कुमार ने भारत और UAE में प्रॉपर्टी में निवेश किया है। रिपोर्टों में अबू धाबी एयरपोर्ट के पास और दुबई मरीना में प्रॉपर्टी खरीदने का भी उल्लेख है। इसके अलावा, वह कारोबार शुरू करने के विचार पर काम कर रहे हैं। संभावित व्यावसायिक अवसर तलाश रहे हैं। उनका ध्यान अब सिर्फ मौजूदा पैसे को खर्च करने पर नहीं, बल्कि उसे लंबे समय तक संभालने और भविष्य के लिए सही फैसले लेने पर है। वह UAE में अपना भविष्य बनाने के साथ भारत में अपने परिवार और जड़ों से जुड़े रहना चाहते हैं।

कैसे जीती थी 240 करोड़ रुपये की लॉटरी?

अनिल कुमार ने 18 अक्टूबर 2025 को UAE लॉटरी के लकी डे ड्रॉ में 10 करोड़ दिरहम का जैकपॉट जीता था। 27 अक्टूबर 2025 को उनकी पहचान सार्वजनिक की गई। यह UAE में उस समय तक दिया गया सबसे बड़ा लॉटरी पुरस्कार बताया गया था। 'गल्फ न्यूज' की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने ड्रॉ के लिए 12 टिकट खरीदे थे। सभी सात विजयी नंबरों का सही मिलान किया था। उन्होंने नंबर 11 को अपनी मां के जन्म के महीने से जोड़कर चुना था। 10 करोड़ UAE दिरहम की राशि को भारतीय करेंसी में करीब 240 से 243 करोड़ रुपये बताया गया है।

ये भी पढे़ं- VIDEO: मां की सलामती के लिए मांगी थी भोलेनाथ से मन्नत! अब 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए रोज दौड़ रहा बिहार का लाल, लोग बोले- 'कलयुग का श्रवण कुमार'

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।