रूस-यूक्रेन जंग पांच साल बाद भी खत्म नहीं हो पाई है। तमाम सीजफायर की कोशिश के बाद भी रूस और यूक्रेन आमने-सामने हैं। दोनों ही देश एक दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। इसी बीच रविवार 17 अप्रैल को रूस पर यूक्रेन की ओर से बड़ा ड्रोन हमला किया गया। रात भर चले इन हमलों में मॉस्को समेत रूस के कई इलाकों को निशाना बनाया गया। रूस के अधिकारियों की अगर मानें तो इस अटैक में 500 से ज्यादा ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
500 से ज्यादा ड्रोन से हमला
जानकारी के मुताबिक, 500 से ज्यादा यूक्रेनी ड्रोन रूस के कई इलाकों में भेजे गए। इस हमले में मॉस्को इलाके में तीन लोगों की मौत हो गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने मॉस्को समेत एक दर्जन से ज्यादा क्षेत्रों में कुल 556 ड्रोन को मार गिराया। मंत्रालय के मुताबिक, सुरक्षा बल लगातार ड्रोन हमलों को रोकने में जुटे रहे। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने टेलीग्राम पर जानकारी देते हुए कहा कि एक ड्रोन एक निजी घर पर गिर गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि मलबे में एक व्यक्ति फंसा हुआ था। गवर्नर के अनुसार, सुबह के समय हुए इस हमले में दो अन्य पुरुषों की भी जान चली गई। हमले के बाद कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और राहत-बचाव का काम जारी है।
रूस ने किया था कीव पर हमला
अधिकारियों ने बताया कि सुबह 3 बजे से हवाई सुरक्षा बल राजधानी क्षेत्र पर हो रहे बड़े ड्रोन हमले का लगातार जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले में कई अहम बुनियादी ढांचे और जरूरी सुविधाओं को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा था कि रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई और तेज की जाएगी। उन्होंने यह बयान कीव पर हुए रूसी हमले के एक दिन बाद दिया। उस हमले में 24 लोगों की जान चली गई थी। रूस की राजधानी मॉस्को में स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने रातभर में कम से कम 74 ड्रोन को मार गिराया। इस हमले में 12 लोग घायल भी हुए हैं।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने टेलीग्राम पर जानकारी देते हुए कहा कि जिन इलाकों में ड्रोन का मलबा गिरा, वहां मामूली नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान हवाई सुरक्षा बलों ने कुल 120 ड्रोन को मार गिराया। हालांकि मॉस्को क्षेत्र पर पहले भी कई बार ड्रोन हमले हो चुके हैं, लेकिन रूस की राजधानी मॉस्को शहर को बहुत कम निशाना बनाया जाता है।
मंगलवार को कैदियों की अदला-बदली और तीन दिन के संघर्ष विराम खत्म होने के बाद से रूस और यूक्रेन एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। पिछले चार साल से रूसी सेना यूक्रेन पर लगातार बमबारी कर रही है। इसके जवाब में यूक्रेन भी समय-समय पर रूस के अंदर हमले करता रहा है। यूक्रेन का कहना है कि उसके निशाने पर रूस के सैन्य ठिकाने और ऊर्जा से जुड़े केंद्र होते हैं।